उत्तराखंड:बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी

Uttarakhand News

(देहरादून)20जून,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य में बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की रिकॉर्ड कमी हुई है। रोजगारोन्मुखी योजनाओं और निवेश के प्रति सकारात्मक माहौल के कारण राज्य में रिकॉर्ड निवेश हुआ है। इससे युवाओं के लिए नौकरियों के बेहतर अवसर बने हैं। राज्य विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।

प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित कार्यक्रम में धामी ने कहा कि राज्य में निवेश को बढ़ावा देने के लिए 30 से अधिक नीतियां लागू की गई हैं। इसका परिणाम हुआ है कि राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि इसमें से एक लाख करोड़ रुपये का निवेश जमीन पर उतर चुका है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी पूंजी है। युवाओं से आह्वान किया कि उन्हें देश को 2047 तक विकसित बनाने की मुहिम में शामिल होना चाहिए और अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा, परिश्रम और संकल्प के बल पर देश को सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाया जा सकता है। कहा कि यदि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा और अवसर मिले तो भारत पुनः विश्व गुरु के रूप में स्थापित हो सकता है।

हरिद्वार भूमि घोटाला: विजिलेंस जांच में निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने के आरोप प्रमाणित, 10 लोगों पर होगा केस
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र की स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, फिट इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी योजनाओं से युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हो रहे हैं जो देश को विकास की दिशा में आगे ले जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए नई स्टार्टअप नीति लागू की गई है। कौशल विकास को प्राथमिकता देते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में स्थानीय उत्पाद को बढ़ावा देकर लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना और दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य विकास योजना के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं।

राज्य की आय में शानदार वृद्धि:
धामी ने कहा कि इन प्रयासों का परिणाम है कि राज्य की आर्थिकी में डेढ़ गुना से अधिक वृद्धि हुई है। पिछले एक वर्ष में राज्य के सकल घरेलू उत्पाद में 7.23 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और रिवर्स पलायन में भी सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है।

उत्तराखंड सबसे आगे
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नीति आयोग द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड को देश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इसके अलावा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में राज्य को एचीवर्स और स्टार्टअप रैंकिंग में लीडर्स की श्रेणी प्राप्त हुई है। उन्होंने इसे पूरे राज्य के लिए गौरवशाली क्षण बताया।

उत्तराखंड में 24 करोड़ रुपये की राशि वितरित
प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के अंतर्गत राज्य के छह हजार कर्मचारियों और 900 से अधिक नियोक्ताओं को लाभ मिला है। इसके अंतर्गत 24 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि लाभार्थियों में वितरित की गई है। राष्ट्रीय स्तर पर इस योजना से 15 लाख से अधिक युवाओं को लाभ मिला है और इसके अंतर्गत 2400 करोड़ रुपये की राशि वितरित की गई है। धामी ने इस अवसर पर योजना के लाभार्थी युवाओं और नियोक्ताओं को सम्मानित किया(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *