दिल्ली में बारिश,यूपी-बिहार में मौसम का डबल अटैक

National News

(नई दिल्ली)20जून,2026.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार शनिवार को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और आने वाले दिनों में देश के और अधिक हिस्सों को कवर करेगा। इससे कई राज्यों में बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

दिल्ली-एनसीआर में राहत की बारिश के आसार:
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार को बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

यूपी में बारिश और लू का मिला-जुला असर
उत्तर प्रदेश में मौसम दोहरे रूप में देखने को मिल सकता है। पश्चिमी और मध्य यूपी के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 24 जून तक लू का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

बिहार में भारी बारिश का अलर्ट:
बिहार के लिए मौसम विभाग ने 22 से 25 जून के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि राज्य के कुछ हिस्सों में 22 जून तक गर्म हवाओं और लू जैसी परिस्थितियों का असर भी देखने को मिल सकता है।

विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून के सक्रिय होने के साथ ही राज्य में बारिश की तीव्रता बढ़ सकती है, जिससे कई जिलों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।

राजस्थान में 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है आंधी
राजस्थान में मौसम विभाग ने तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर संरचनाओं से दूर रहने की सलाह दी है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बढ़ेगी बारिश
मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी।

उत्तराखंड,हिमाचल,जम्मू-कश्मीर में बारिश:
पर्वतीय राज्यों में भी मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश में 20 से 22 जून तक और उत्तराखंड में 20 से 25 जून के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी बारिश
पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय में अगले कई दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन राज्यों में कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा दर्ज की जा सकती है। ओडिशा में भी बारिश की गतिविधियां तेज रहने का अनुमान है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो सकती है।

दक्षिण भारत में भी सक्रिय होगा मानसून:
केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। केरल, तटीय कर्नाटक और तमिलनाडु में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में गरज-चमक के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मानसून की बढ़ रही रफ्तार:
आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड और बिहार के कुछ हिस्सों तक पहुंच चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जून के आसपास मानसून इन राज्यों के और अधिक क्षेत्रों के साथ-साथ छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भी आगे बढ़ जाएगा।

इन इलाकों में अभी भी लू का खतरा
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण-गोवा के कुछ क्षेत्रों में अभी भी लू जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। ऐसे में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *