(देहरादून)17जून,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में प्रतिभाग करते हुए नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
मुख्यमंत्री ने सचिवालय संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश जोशी, उपाध्यक्ष संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेन्द्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल एवं सुरेन्द्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक प्रशासनिक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से जनकल्याणकारी नीतियों का निर्माण होता है और राज्य के विकास की दिशा तय की जाती है।
उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण के महत्वपूर्ण सहभागी हैं। सरकार की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने और अंतिम व्यक्ति तक लाभ सुनिश्चित करने में सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सचिवालय के अधिकारी और कर्मचारी शासन तथा जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रारंभ से ही शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए कार्य कर रही है। विभिन्न कर्मचारी संगठनों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों का समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि एक मजबूत, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र सुशासन की सबसे बड़ी ताकत होता है। जब शासन और कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करते हैं तो विकास कार्यों में तेजी आती है और जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक सशक्त बनाने के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण, तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार तथा ई-गवर्नेंस को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है। सरकार का उद्देश्य नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड सचिवालय आने वाले समय में बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से सुशासन और कार्यकुशलता की नई मिसाल स्थापित करेगा। मुख्यमंत्री ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।(साभार)
