(देहरादून)26मई,2026.
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण, मिशन वात्सल्य तथा मिशन शक्ति से संबंधित राज्य स्तरीय मूल्यांकन एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने टेक होम राशन का 100 प्रतिशत वितरण फेस रिकग्निशन सिस्टम (एफआरएस) के माध्यम से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं शीघ्र पूरी की जाएं, ताकि लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने जिला स्तरीय अंतर्विभागीय समन्वय समितियों की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में मुख्य सचिव ने सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन केंद्रों में अभी बिजली और पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं है, उनकी सूची संबंधित विभागों को उपलब्ध कराई जाए। आवश्यकता पड़ने पर इसके लिए अतिरिक्त फंड भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य सचिव ने कहा कि जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के अपने भवन नहीं हैं, वहां अनुपयोगी पुराने पंचायत भवनों का उपयोग किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे भवनों की मरम्मत कर उन्हें आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन हेतु उपयोग में लाया जाए। वहीं असुरक्षित भवनों को ध्वस्त कर नए भवनों का निर्माण कराया जाए।
इसके अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत संचालित सभी राजकीय एवं स्वैच्छिक बाल देखरेख संस्थाओं का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख सचिव अमित कुमार सिन्हा, सचिव चन्द्रेश कुमार यादव, वी. षणमुगम, रणवीर सिंह चौहान सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)
