(हरिद्वार)15जुलाई,2026
उत्तराखंड राज्य में हरिद्वार जिले को छोड़कर अन्य ग्राम पंचायतों में उप प्रधान के 7466 पदों पर आज मतदान होना है। चुनाव के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार के मुताबिक मतदान अपराह्न डेढ़ बजे से साढ़े तीन बजे तक होगा। मतदान के बाद आज शाम चार बजे से मतगणना शुरू होगी और आज ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
चमोली जिले में बुधवार को 608 ग्राम पंचायतों में बुधवार को उप प्रधान का चुनाव संपन्न होगा। निर्वाचन को लेकर प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए मंगलवार को कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के साथ सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
इधर, पोखरी के ब्लॉक सभागार में खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी की देखरेख में कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। एडीओ पंचायत अंकित भट्ट, एडीओ कोऑपरेटिव संजय रावत तथा ग्राम विकास अधिकारी राजेश सजवाण ने मतदान से लेकर मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी। सभी 73 ग्राम पंचायत मुख्यालयों में निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 से 11 बजे तक नामांकन, 11 से 12 बजे तक जांच, दोपहर 12 से 12:30 बजे तक नाम वापसी और 12:30 से 1 बजे तक चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। दोपहर 1:30 से 3:30 बजे तक मतदान होगा तथा अपराह्न 4 बजे से मतगणना शुरू होगी। वहीं कर्णप्रयाग विकासखंड के 94 ग्राम पंचायतों में उप प्रधान चुनाव के लिए ब्लॉक सभागार से सभी पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। ब्लॉक सभागार में पहले सभी पोलिंग पार्टियों को जरूरी दिशा निर्देश दिए गए।
थराली नगर पंचायत के अंतर्गत देवराड़ा वार्ड में वरुण कुमार नाम के एक फर्जी वोटर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस व्यक्ति का पता और माता-पिता के नाम भी फर्जी बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह बाहरी देश का नागरिक है। जो पता इस व्यक्ति के वोटर लिस्ट में लिखा गया है वहां पर कोई और रहते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले यह व्यक्ति थराली में सुनार का काम करता था लेकिन अब लापता है। वहीं उप जिलाधिकारी यशवीर सिंह रावत ने कहा कि एसआईआर के दौरान सभी फर्जी वोटरों के नाम काटे जाएंगे। यदि बाहरी व्यक्ति होगा तो यह जांच का मामला है।(साभार एजेंसी)
