(देहरादून)18मई,2026.
उत्तराखंड राज्य के पर्यटन मंत्री एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को पहले श्री केदारनाथ तथा श्री बदरीनाथ धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
सोमवार को प्रातःकाल श्री केदारनाथ धाम पहुंचकर मंत्री सतपाल महाराज ने भगवान केदारनाथ का जलाभिषेक किया तथा देश-प्रदेश में शांति, समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इस दौरान बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया। केदारनाथ धाम में दर्शन के पश्चात दोपहर में मंत्री सतपाल महाराज श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दर्शन कर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न की। उन्होंने चारधाम यात्रा की सफलता और श्रद्धालुओं की सुखद यात्रा के लिए भी प्रार्थना की।
पर्यटन मंत्री ने मंदिर परिसर में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में सतपाल महाराज ने कहा कि चारधाम यात्रा इस वर्ष भी रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति पूरे विश्व को सकारात्मक ऊर्जा देती है। बताया कि चारधाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं का उनके द्वारा अपनी संस्था मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से 10 करोड़ की धनराशि का दुर्घटना बीमा करवाया गया है। बीमा प्रीमियम की धनराशि 3 लाख 67 हजार 995 का चेक सेवाकर समेत बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक धाम का दुर्घटना बीमा 2.50 करोड निर्धारित किया गया है।
उन्होंने बताया कि बीमा पॉलिसी के अनुसार मंदिर परिसर में भगदड़, ईश्वरीय जोखिम और आतंकवाद जोखिम पर प्रभावित प्रत्येक श्रृद्धालु को एक लाख की राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि श्रृद्धालु यात्रा में आने से पहले डॉक्टर की सलाह अवश्य लें। अपनी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार तैयारी करें। कहा कि ऊंचाई पर ऑक्सीजन की कमी के कारण स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। इसलिए आवश्यक दवाएं और उपकरण साथ रखें। यात्रा के लिए आवश्यक दस्तावेज के रूप में पहचान पत्र और यात्रा अनुमति साथ रखें। यात्रा के दौरान सरकार की गाईड लाईन और दिशा निर्देशों का पालन अवश्य करें। स्थानीय प्रशासन का सहयोग करते हुए आपनी यात्रा को सुरक्षित और सफल बनायें। इस मौके पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत एवं मोहिना रावत भी मौजूद रहीं।
धाम में बदरीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी गिरीश चैहान, मंदिर अधिकारी राजेन्द्र चैहान, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, प्रोटोकाॅल अधिकारी प्रमोद नौटियाल, वेदपाठी आचार्य रवीन्द्र भट्ट, अमित बंदोलिया, संदीप कप्रवाण, वैभव उनियाल और राहुल नेगी आदि उनका स्वागत किया।(साभार)
