सीएम धामी ने 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को बांटे नियुक्ति पत्र

Uttarakhand News

(देहरादून)14मई,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में 307 नव नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें 243 चिकित्सा अधिकारी, 42 फार्मासिस्ट तथा उद्यान विभाग के 22 प्रयोगशाला सहायक एवं मशरूम पर्यवेक्षक शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र केवल रोजगार का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रदेश की सवा करोड़ जनता की सेवा का संकल्प पत्र है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय और भौगोलिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण राज्य में स्वास्थ्य कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूरस्थ क्षेत्रों में संकट की घड़ी में जनता की पहली उम्मीद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्मिक ही होते हैं

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों से संवेदनशीलता, समर्पण और सेवा भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 62 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड वितरित किए जा चुके हैं तथा लगभग 12 लाख मरीजों का 2200 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है। राज्य में 5 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जबकि 2 मेडिकल कॉलेज निर्माणाधीन हैं। इसके अलावा 9 नर्सिंग कॉलेज और 3 नर्सिंग स्कूल भी संचालित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। हल्द्वानी में आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण भी प्रगति पर है। दूरस्थ क्षेत्रों में टेलीमेडिसिन और हेली एंबुलेंस सेवाओं के माध्यम से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कीवी, ड्रैगन फ्रूट, हाई डेंसिटी एप्पल, मशरूम उत्पादन और मधुमक्खी पालन जैसी उच्च मूल्य फसलों को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त युवा कृषि नवाचार और आधुनिक उद्यानिकी को नई पहचान देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाएं पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न की जा रही हैं तथा राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में 32 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

इस अवसर पर सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सौरभ थपलियाल, सचिव सचिन कुर्वे, डॉ एस. एन. पाण्डेय सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *