राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर अभियान संचालित

Uttarakhand News

(देहरादून)07मई,2026.

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) उत्तराखंड द्वारा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (NDD) के तहत प्रदेशभर में व्यापक जनस्वास्थ्य अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई गई। अभियान का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से बचाना, कुपोषण और एनीमिया पर नियंत्रण करना तथा उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को बेहतर बनाना है।

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ देहरादून के UPS काठबंगला में किया गया, जहां लगभग 200 बच्चों को दवा खिलाने के साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इस दौरान एनएचएम की निदेशक डॉ. रश्मि पंत ने बच्चों को हाथ धोने की सही विधि सिखाई और स्वच्छता के महत्व पर जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्ष 2026 में अभियान के तहत प्रदेश के 36,77,037 बच्चों को लक्षित किया गया है। इनमें आंगनवाड़ी केंद्रों, सरकारी एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों, निजी विद्यालयों तथा स्कूल नहीं जाने वाले बच्चों को भी शामिल किया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग ने संयुक्त रूप से कार्य किया। आशा, एएनएम, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और शिक्षकों ने गांव-गांव जाकर बच्चों को दवा खिलाने का कार्य किया।

स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि कृमि संक्रमण बच्चों में एनीमिया और कुपोषण का प्रमुख कारण है, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को ऐसे अभियानों में नियमित रूप से शामिल करने की अपील की।

एनएचएम के मिशन निदेशक मनुज गोयल ने बताया कि अभियान के लिए राज्य से लेकर ग्राम स्तर तक माइक्रोप्लानिंग की गई थी।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *