उत्तराखंड में सहकारिता क्षेत्र को बढ़ाने के प्रयास

Uttarakhand News

(देहरादून)02मई,2026.

उत्तराखंड राज्य के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सहकारिता क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए बड़े फैसले लिए हैं। प्रदेश में 50 नई सहकारी बैंक शाखाएं खोली जाएंगी, साथ ही बागेश्वर, चंपावत और रुद्रप्रयाग में नए जिला सहकारी बैंकों की स्थापना की जाएगी।

सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए बैंकों की स्थापना के लिए भारतीय रिजर्व बैंक को जल्द प्रस्ताव भेजा जाए। उन्होंने दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के लिए शाखाओं के विस्तार और सेवा गुणवत्ता सुधार पर विशेष जोर दिया।

बैठक में पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए मंत्री ने लक्ष्यों की प्राप्ति में कमी पर नाराजगी जताई और कार्यप्रणाली को अधिक परिणामोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही सहकारी बैंक कर्मचारियों के लिए इफको टोकियो के माध्यम से बीमा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय भी लिया गया।

प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (PACS) के कंप्यूटरीकरण को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए, जिससे पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ाई जा सके। केंद्र सरकार की सहकारिता योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई।

इसके अलावा, कार्मिकों की वार्षिक स्थानांतरण और पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

मंत्री ने कहा कि सहकारिता क्षेत्र राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार इसे मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *