(नई दिल्ली) 8मार्च,2026
राजधानी दिल्ली के बुराड़ी में आयोजित 33500 करोड़ की परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को भी संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, ”आज हम सब दिल्ली के विकास को नई गति देने के लिए इकट्ठे हुए हैं. कुछ देर पहले ही यहां 33500 करोड़ रूपये की परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है. दिल्ली के लोगों ने एक साल पहले जिस उम्मीद और बदलाव के साथ बीजेपी सरकार को चुना था, वह बदलवा अब इन परियोजनाओं से देखने को मिल रहा है.”
पीएम मोदी ने कहा कि आज एक विशेष दिन है, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली नए विकास के आयाम गढ़ रही है. मैं आज महिला दिवस के अवसर पर देश की महिला शक्ति से आव्हान करता हूं कि वो देश को आगे बढ़ाने के लिए अपना योगदान और सहयोग देती रहें. जब कोई सबसे बड़े लोकतंत्र भारत की ओर देखता है तो उसके मन में दिल्ली की तस्वीर आती है, देश की राजधानी के रूप में दिल्ली जितनी आधुनिक होगी, दिल्ली जितनी सुविधाजनक होगी, भारत का विकास उतनी ही मजबूती से दिखाई देगा.
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आगे बताया कि आज हमारी दिल्ली सुविधाओं और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में तेजी से आगे बढ़ रही है. एक समय था जब दिल्ली की खराब व्यवस्थाओं की चर्चा होती थी, दिल्ली के एक कोने से दूसरे कोने तक पहुंचने में घंटों का समय खराब होता था. हमारी माताएं बहनें घंटों बसों का इंतजार करती थीं. कुछ समय पहले दिल्ली से नमो भारत ट्रेन के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मेरठ तक कनेक्टिविटी की सुविधा मिली थी, अब दिल्ली मेट्रो के आज शुरू हुए इस कॉरिडोर से उत्तर पूर्वी दिल्ली को भी कनेक्टिविटी मिली है.
AAP पर पीएम मोदी का हमला
आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, ”दिल्ली में इससे पहले आपदा सरकार न होती तो दिल्ली मेट्रो की इन परियोजनाओं का काम बहुत पहले ही पूरा हो जाता. दिल्ली के लोगों ने आपदा सरकार को हटाकर दिल्ली के डबल इंजन की सरकार बनाकर दिल्ली के विकास को गति देने का काम किया. आज दिल्ली में बीजेपी की सरकार है अब यहां कोई काम रुकने वाला नहीं है. आपदा सरकार ने दिल्ली के सभी कामों को ठप कर दिया था. आज हमारी सरकार दिल्ली के विकास के लिए मिशन मोड में काम कर रही है. यमुना सफाई के लिए भी हजारों करोड़ रूपये के प्रोजेक्ट शुरू किए हैं.”
”हमारी सरकार ने आपदा सरकार से कई बात दिल्ली में आयुष्मान योजना को लागू करने के लिए कहा, लेकिन आपदा सरकार को यहां के गरीबों की कोई चिंता नहीं थी. आपदा सरकार का मंत्र था काम कम बहाने ज्यादा. मैं आज यहां आने से पहले सरोजनी नगर गया था जहां सरकारी कर्मचारियों के लिए सरकारी फ्लैट बने हैं, ये नए आवास हमारे कर्मचारियों के जीवन में नई खुशियां और तरक्की लेकर आएं. आधुनिक सुविधाओं से लैस ये फ्लैट हमारे कर्मचारियों के लिए देश के विकास में योगदान के लिए आगे बढ़कर काम करने के लिए प्रेरित करेंगे. रेहड़ी पटरी पर काम करने वाले लोगों को अपना काम शुरू करने के लिए कर्ज लेना पड़ता था अब सरकार की पीएम स्वनिधि योजना के तहत 350 करोड़ रूपये से ज्यादा का लाभ दिया गया है.”- नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
पीएम मोदी ने ये भी कहा, कि हमने घोषणा की थी कि देश में तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाएंगे. आज अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आपको ये बताते हुए मुझे खुशी हो रही है कि तीन करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का आंकड़ा आज पूरा हो गया है. तीन करोड़ लखपति दीदी आज बन चुकी हैं.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान का आरोप
पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के अपमान का आरोप लगाया. यह सिर्फ राष्ट्रपति का अपमान नहीं देश के संविधान का अपमान है. यह लोकतंत्र का अपमान है, देश की जो बेटी संघर्षों से लड़कर यहां तक पहुंचीं आदिवासी समाज की बेटी का अपमान है. टीएमसी का सत्ता का ये अहंकार बहुत जल्दी चूर चूर होकर रहेगा. पश्चिम बंगाल की प्रबुद्ध जनता एक देश की आदिवासी राष्ट्रपति के अपमान के लिए कभी माफ नहीं करेगी. आदिवासी समाज कभी माफ नहीं करेगा।(साभार एजेंसी)
