भारतीय सेना की एवरेस्ट फतह “गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड” में दर्ज

Uttarakhand News

(देहरादून)10फरवरी,2026.

वर्ष 2025 मई में भारतीय सेना एडवेंचर विंग के 49 सदस्यीय दल ने माउंट एवरेस्ट की चोटी फतह कर तिरंगा लहराया था।

दल का नेतृत्व हल्द्वानी नैनी विहार निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज जोशी ने की। इस ऐतिहासिक कीर्तिमान को गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड में दर्ज कर दिया गया है। जिससे पर्वतारोहियों में खुशी की लहर है।

हल्द्वानी के लेफ्टिनेंट कर्नल मनोज जोशी ने बताया कि हमारा दल अब तक एवरेस्ट शिखर पर पहुंचने वाला विश्व का सबसे बड़ा अभियान दल है। यह ऐतिहासिक गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड भारतीय सेना की गौरवशाली परंपरा और अदम्य साहस का प्रतीक है।

अभियान में भारतीय सेना के 22 पर्वतारोही व नेपाल के 27 शेरपा शामिल थे। यह आरोहण भारतीय सेना के सिल्वर जुबली एवरेस्ट अभियान के तहत किया गया था। वर्ष 2025 में दल ने अप्रैल के मध्य में भारत से प्रस्थान कर 23 अप्रैल को एवरेस्ट बेस कैंप पहुंचा।

इसके बाद दल ने कैंप-1 से कैंप-4 तक कठिन मौसम, अत्यधिक ठंड व चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में व्यापक अनुकूलन चरण पूर्ण किए। 27 मई की सुबह दल ने सफलतापूर्वक एवरेस्ट शिखर पर तिरंगा फहराया।

यह गिनीज वर्ल्ड रिकार्ड भारतीय सेना की साहसिक क्षमता, अनुशासन, टीम भावना व अंतरराष्ट्रीय सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। इस उपलब्धि से न केवल उत्तराखंड सहित भारतीय सेना बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *