आईएनएस तिर,आईएनएस सुजाता,तटरक्षक जहाज सारथी “माले” बंदरगाह पहुंचे

National News

(नई दिल्ली)23अक्टूबर,2026

भारतीय नौसेना के प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के जहाज-आईएनएस तिर, आईएनएस सुजाता और भारतीय तटरक्षक बल का जहाज सारथी, स्क्वाड्रन के दीर्घ दूरी के प्रशिक्षण अभियान के अंतर्गत मालदीव के माले बंदरगाह पर पहुंच गए हैं। स्क्वाड्रन का मालदीव राष्ट्रीय रक्षा बल-एमएनडीएफ ने गर्मजोशी से स्वागत किया। यह दोनों देशों के बीच मजबूत समुद्री साझेदारी और घनिष्ठ क्षेत्रीय संबंधों को दर्शाता है।

रक्षा मंत्रालय ने बताया कि बंदरगाह पर आगमन के दौरान, प्रथम प्रशिक्षण स्क्वाड्रन के वरिष्ठ अधिकारी ने एमएनडीएफ के रक्षा प्रमुख और एमएनडीएफ तटरक्षक बल के कमांडेंट से मुलाकात की। मंत्रालय ने बताया कि चर्चा भारतीय नौसेना और एमएनडीएफ के बीच सतत जुड़ाव और बहुआयामी समुद्री सहयोग पर केंद्रित थी। दोनों बलों के बीच सौहार्द और आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिए इस यात्रा के दौरान क्रॉस-डेक दौरे, खेल प्रतियोगिताएं, सामाजिक मेलजोल और आउटरीच गतिविधियों की भी योजना बनाई गई है।

मंत्रालय ने कहा कि यह यात्रा भारतीय नौसेना और एमएनडीएफ के बीच बढ़ी हुई अंतर-संचालनीयता की पुष्टि करती है। यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते समुद्री सहयोग को दर्शाती है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *