(देहरादून)30अगस्त,2026
जौनसार-बावर के लिए गौरव का एक और अवसर सामने आया है। क्षेत्र के वरिष्ठ एवं पूर्व आईएएस अधिकारी हरि चन्द सेमवाल को उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की खबर से जौनसार-बावर क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
उत्तराखंड शासन के आदेश के क्रम में राज्यपाल के आदेश दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 की धारा 22(1) के अंतर्गत हरि चन्द सेमवाल को उत्तराखंड मानव अधिकार आयोग का सदस्य नियुक्त किया गया है। उन्हें कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष की अवधि के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरि चन्द सेमवाल का प्रशासनिक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। पूर्व आईएएस अधिकारी के रूप में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दी हैं। प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली को देखते हुए उनकी नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मानव अधिकार आयोग जैसे महत्वपूर्ण संस्थान में जौनसार-बावर के वरिष्ठ अधिकारी को जिम्मेदारी मिलने से क्षेत्र के लोगों में उत्साह है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह नियुक्ति न केवल हरि चन्द सेमवाल के लिए सम्मान की बात है, बल्कि पूरे जौनसार-बावर क्षेत्र के लिए भी गौरव का विषय है।
लोगों ने उम्मीद जताई कि हरि चन्द सेमवाल अपने प्रशासनिक अनुभव का उपयोग करते हुए मानवाधिकारों के संरक्षण और आम नागरिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं निष्पक्षता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे।
हरि चन्द सेमवाल की नियुक्ति पर जौनसार-बावर क्षेत्र के विभिन्न लोगों और सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी है। क्षेत्रवासियों ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणादायक है। (साभार)
