नेपाल,बाढ़ से जन-धन की क्षति,सीएम की संवेदना

Uttarakhand News

(देहरादून)26अगस्त,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में आई अचानक भीषण बाढ़ से हुई जन-धन की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा में हुई जनहानि और व्यापक नुकसान अत्यंत दुःखद एवं चिंताजनक है। इस कठिन समय में उत्तराखण्ड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने तथा प्रभावित सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।

उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल दो पड़ोसी देशों के संबंध नहीं हैं, बल्कि ये साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था, सामाजिक सरोकारों और आत्मीयता से जुड़े हुए हैं। उत्तराखण्ड और नेपाल के बीच विशेष रूप से सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं। दोनों क्षेत्रों के लोगों के बीच पारिवारिक रिश्तों के साथ-साथ सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध भी निरंतर मजबूत रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ विशेष और आत्मीय संबंध है। पिथौरागढ़ और चंपावत सहित सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक संबंध रहे हैं। ऐसे में नेपाल में आई आपदा का दुःख उत्तराखण्ड के लोगों के लिए भी अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है।

उन्होंने कहा कि नेपाल की पीड़ा उत्तराखण्ड की पीड़ा है और संकट की इस घड़ी में उत्तराखण्ड की जनता अपने नेपाली भाई-बहनों के साथ पूरी संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा की इस कठिन घड़ी में राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे सभी सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयास सराहनीय हैं। राज्य सरकार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियां दोनों देशों को प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील बनाती हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नेपाल सरकार और वहां के प्रशासन के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा तथा प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की समस्त जनता की ओर से नेपाल के शोक संतप्त परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने प्रभावित लोगों के सुरक्षित होने, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा नेपाल में सामान्य स्थिति की शीघ्र बहाली की कामना की।(साभार सू वि

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *