हल्द्वानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने की विशेष कार्रवाई

Uttarakhand News

(नैनीताल)24अगस्त,2026.

मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड,देहरादून एवं जिलाधिकारी, नैनीताल के निर्देशों के क्रम में आज दिनांक 24 अगस्त 2026 को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया गया।
आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को दृष्टिगत रखते हुए मिलावटखोरी पर प्रभावी रोकथाम तथा आम जनमानस को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान संचालित किया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा एवं रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए, जिन्हें खाद्य विश्लेषक के माध्यम से परीक्षण हेतु भेजा जाएगा। एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता एवं साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं संबंधित नियमों/विनियमों के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल श्री अजब सिंह रावत एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल, श्री अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रहे।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *