(देहरादून)10अगस्त,2026
मुख्य सेवक सदन में ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों के 3 लाख छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनके मन की बात सुनी। बच्चों से बात करते हुए उनके सपनों, सवालों और उत्तराखंड के भविष्य को लेकर उनकी सोच को जानना बेहद सुखद अनुभव रहा। उनके सवालों में जिज्ञासा, बातों में आत्मविश्वास और आंखों में अपने प्रदेश को आगे बढ़ते देखने का सपना साफ दिखाई दे रहा था।
हमारे युवा ही उत्तराखंड के आने वाले कल की तस्वीर तय करेंगे। उनके सपनों को समझना, उन्हें सही अवसर देना और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने का मंच देना हमारी जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा, बेहतर विद्यालयी सुविधाओं, तकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के माध्यम से सरकार निरंतर ऐसे अवसर तैयार कर रही है, जहां हर विद्यार्थी अपनी क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ सके।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हमारे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सहायता के लिए भी सरकार संवेदनशील है। ‘मेरे सपनों का उत्तराखण्ड : एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 140 मेधावी विद्यार्थियों की प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस प्रदेश सरकार वहन करेगी।
