ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन प्रोजेक्ट:पेड़ों की कटाई पर रोक

Uttarakhand News

(देहरादून)19जुलाई,2026

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना को लेकर नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई चिंताओं एवं सुझावों का गंभीर संज्ञान लेते हुए बड़ा निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि सभी पक्षों के बीच सहमति बनने तक परियोजना के अंतर्गत पेड़ों की कटाई स्थगित रखी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने प्रमुख सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और अन्य हितधारकों के साथ पुनः विस्तृत संवाद स्थापित किया जाए, ताकि सभी पक्षों की राय और सुझावों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी वैधानिक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों का पालन करते हुए कार्यवाही की जा रही थी।

उन्होंने बताया कि परियोजना में वन्यजीव संरक्षण को विशेष प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास तथा छोटे वन्यजीवों के सुरक्षित आवागमन के लिए विशेष कल्वर्ट बनाए जाने का प्रावधान है, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष और सड़क दुर्घटनाओं में वन्यजीवों की मौत की घटनाओं में कमी लाई जा सके।

मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि विकास राज्य की आवश्यकता है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय के निर्देशों का पूर्ण सम्मान करते हुए आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी और जब तक सभी पक्षों के बीच संतोषजनक सहमति एवं विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक पेड़ों की कटाई नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की प्रकृति, जनभावनाएं और प्रदेश का विकास—तीनों सरकार के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। राज्य सरकार संवाद, सहमति और व्यापक जनहित के आधार पर ही आगे बढ़ेगी।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *