(देहरादून)15जुलाई,2026
दिव्यांगजनों के सामाजिक सशक्तिकरण और सम्मानजनक वैवाहिक जीवन को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित दिव्यांग वैवाहिक प्रोत्साहन अनुदान योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना के अंतर्गत देहरादून में पहली बार एक लाभार्थी के लिए सहायता राशि स्वीकृत की गई है।
देहरादून के जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने योजना के तहत शंकरपुर, हकूमतपुर निवासी अमजद को ₹50,000 की प्रोत्साहन धनराशि स्वीकृत की है। यह सहायता दिव्यांगजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने के साथ-साथ उनके वैवाहिक जीवन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल ने बताया कि योजना का लाभ ऐसे दंपतियों को मिलेगा, जिनका विवाह निर्धारित अवधि के भीतर हुआ हो तथा जिनमें पति-पत्नी दोनों दिव्यांग हों अथवा दोनों में से कोई एक दिव्यांग हो। पात्र आवेदक निर्धारित आवेदन पत्र के साथ आवश्यक दस्तावेज संलग्न कर अपने संबंधित विकासखंड कार्यालय में तैनात सहायक समाज कल्याण अधिकारी के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ना तथा आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन के लिए प्रोत्साहित करना है। पात्र लाभार्थियों से समयबद्ध तरीके से आवेदन करने की अपील की गई है, ताकि नियमानुसार परीक्षण के बाद उन्हें शीघ्र योजना का लाभ मिल सके।
योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए इच्छुक आवेदक जिला समाज कल्याण कार्यालय, देहरादून अथवा अपने संबंधित विकासखंड के सहायक समाज कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।(साभार सू वि)
