09,10 जुलाई को भारी से अत्यंत भारी बारिश का अलर्ट

Uttarakhand News

(देहरादून)08जुलाई2026

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमान के अनुसार 09 और 10 जुलाई को उत्तराखंड के कई जनपदों में भारी से अत्यंत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली और तेज बारिश के दौर की संभावना है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलाधिकारियों को सतर्कता बरतने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश जारी किए हैं।

09 जुलाई के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर और चम्पावत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

10 जुलाई को पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंह नगर, चम्पावत और बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, जबकि देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर तैनात रखने, सड़क मार्गों की लगातार निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मौसम संबंधी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशवासियों से मौसम विभाग की चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, विशेषकर भूस्खलन संभावित पर्वतीय क्षेत्रों में जाने से परहेज करने, नदी-नालों और बरसाती गधेरों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या आपातकालीन सेवाओं से संपर्क करें और केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें। साथ ही सभी संबंधित विभागों को 24×7 सतर्क रहकर आवश्यक संसाधन और मानवबल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए हैं(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *