(नैनीताल)04 जुलाई 2026.
शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले के भीमताल स्थित ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के
अकादमिक ब्लॉक एवं ऑडिटोरियम का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके लिए आज का यह दिन व अवसर उनके लिए विशेष है ,आज उत्तराखंड सरकार ने सेवा, सुशासन और विकास के पाँच वर्ष सफलतापूर्वक पूर्ण किए हैं।
उन्होंने कहा कि इन पाँच वर्षों में सरकार द्वारा राज्य में शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, रोजगार और युवाओं के सशक्तीकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए उत्तराखंड को विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का निरंतर प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि मैं प्रदेश की समस्त जनता को ये विश्वास दिलाता हूं कि आगे भी हम इसी प्रकार कार्य करते रहेंगे।और राज्य को विकास के क्षेत्र में आगे ले जाएंगे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य का भविष्य उसकी सड़कों या इमारतों से नहीं, बल्कि उसके विद्यालयों, विश्वविद्यालयों और युवाओं के सपनों से तय होता है। प्रसन्नता है कि ग्राफिक एरा ने शिक्षा, शोध, नवाचार और कौशल विकास के क्षेत्र में जो पहचान बनाई है, वो केवल उत्तराखंड ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रेरणा बन चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्राफिक एरा ने यह सिद्ध किया है कि यदि संकल्प, गुणवत्ता और दूरदृष्टि साथ हों, तो उत्तराखंड जैसा पर्वतीय राज्य भी विश्वस्तरीय शिक्षा का केंद्र बन सकता है। उन्होंने कहा कि संस्थान में बनाया नया एकेडमिक ब्लॉक और आधुनिक ऑडिटोरियम विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करेगा, उनकी प्रतिभा को नई उड़ान देगा तथा शोध, नवाचार और रचनात्मक सोच को और अधिक गति देगा। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा ने भीमताल में अपने परिसर की स्थापना कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को पर्वतीय क्षेत्रों तक पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है। जो केवल एक शैक्षणिक विस्तार नहीं, बल्कि संतुलित और समावेशी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि आज आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क होटल मैनेजमेंट एवं इंजीनियरिंग डिप्लोमा पाठ्यक्रम प्रारम्भ किया जाना भी ग्राफिक एरा परिवार की अत्यंत सराहनीय पहल है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा तभी सार्थक होती है, जब वह समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। यह खुशी की बात है कि कुमाऊँ मंडल में ग्राफिक एरा, मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय की स्थापना की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
इसके निर्माण होने से क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ मजबूत होंगी और हजारों युवाओं के लिए नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नई शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ राज्य के विश्वविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस और उभरती तकनीकों से जुड़े आधुनिक पाठ्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसके साथ ही देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क तथा अल्मोड़ा में साइंस सेंटर जैसे महत्वपूर्ण संस्थानों के माध्यम से राज्य में वैज्ञानिक सोच और अनुसंधान की संस्कृति को भी मजबूत किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने युवा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए
कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। नई तकनीकें रोज नए अवसर लेकर आ रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में वही युवा आगे बढ़ेगा, जो सीखने की क्षमता, नवाचार की सोच और बदलते समय के साथ स्वयं को ढालने का साहस रखेगा। उन्होंने सभी छात्र छात्राओं से अपील करते हुए कहा, कि केवल डिग्री प्राप्त करने तक स्वयं को सीमित मत रखिए। वह अपने भीतर नेतृत्व क्षमता, नवाचार और समाज के प्रति उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करें। उन्होंने कहा कि इसी उद्देश्य से राज्य सरकार भी यही प्रयास कर रही है कि उत्तराखंड का युवा केवल नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बने। इसी उद्देश्य से राज्य में स्टार्टअप, इनोवेशन और उद्यमिता को निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के युवाओं छात्र छात्राओं की मेहनत और प्रतिभा किसी भी नकल माफिया की भेंट न चढ़े, इसके लिए राज्य सरकार ने उत्तराखंड में देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया।
आज उसका परिणाम सबके सामने है। पिछले पाँच वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ सरकारी सेवाओं में अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने छात्र छात्राओं से कहा कि वह बड़े सपने देखिए साथ ही उन सपनों को पूरा करने के लिए बड़ा परिश्रम भी करें असफलताओं से कभी घबराइए मत, क्योंकि वही आपको सफलता के लिए और अधिक मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस संस्थान में अध्ययनरत विद्यार्थी भविष्य में वैज्ञानिक,डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, प्रशासक, उद्यमी और देश के उत्कृष्ट नागरिक बनकर राज्य का ही नहीं बल्कि पूरे देश का नाम रोशन करेंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री धामी द्वारा ग्राफिक एरा कौशल ज्योति योजना निशुल्क प्रोफेसनल कोर्स का भी शुभारंभ किया। साथ ही संस्थान के मेधावी छात्र छात्राओं को एवं ग्राफिक एरा कौशल छात्रवृत्ति योजनांतर्गत निशुल्क सर्टिफिकेट कोर्स के छात्र छात्राओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर धामी सरकार के पाँच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ग्राफिक एरा परिवार की ओर से केक भी काटा गया।
इस अवसर पर माननीय कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक नैनीताल सरिता आर्या, प्रताप सिंह बिष्ट, उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्य मंत्री डॉ अनिल कपूर डब्बू, ध्रुव रौतेला, शंकर कोरंगा, दिनेश आर्या,शांति मेहरा, हुकुम सिंह कुंवर, देवेन्द्र सिंह ढेला, ब्लॉक प्रमुख हरीश बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टी सी, मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डे ग्राफिक एरा ग्रुप के चैयरमैन कमल घनशाला, निदेशक अनिल कुमार नायर, ओबीसी आयोग के सदस्य डॉ जेड ए वारसी, प्रकाश आर्य सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, संस्थान के प्रतिनिधि, छात्र छात्र आदि मौजूद रहे।(साभार सू वि)
