दिल्ली में येलो अलर्ट,6 जुलाई तक तेज बारिश का दौर

Uttarakhand News

(नई दिल्ली)01जुलाई,2026

देशभर में मानसून अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 1 जुलाई को दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ दिनों तक उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

दिल्ली में 6 जुलाई तक बारिश के आसार:
दिल्ली में 1 जुलाई को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। तेज हवाएं भी चलने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।

हरियाणा,पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश और आंधी:
हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 1 से 6 जुलाई तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 से 6 जुलाई के बीच कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है।

राजस्थान में बढ़ेगी बारिश की गतिविधि:
पूर्वी राजस्थान में 1 जुलाई से मानसून सक्रिय होने लगेगा। 2 से 6 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 3 से 6 जुलाई के बीच बारिश के साथ धूल भरी आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने यहां तेज हवाओं और धूल भरी आंधी को लेकर भी चेतावनी जारी की है।

उत्तर प्रदेश में बदलेगा मौसम:
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 से 6 जुलाई तक बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 6 जुलाई के बीच बारिश का दौर तेज हो सकता है। कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।

पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट:
हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में अगले छह दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश में 2 से 4 जुलाई के बीच कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 6 जुलाई तक लगातार बारिश का दौर बना रह सकता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ जगहों पर हवा के झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

मध्य भारत में भी सक्रिय रहेगा मानसून:
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी 6 जुलाई तक बारिश की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

पूर्वी भारत में भी जारी रहेगा बारिश का दौर:
पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। झारखंड में 6 जुलाई तक बारिश हो सकती है। बिहार में 2 से 6 जुलाई के बीच अच्छी बारिश का अनुमान है। इन राज्यों में भी तेज हवाएं, गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

किसानों और आम लोगों के लिए सलाह:
लगातार बारिश और बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए किसान मौसम पूर्वानुमान के अनुसार ही खेतों में कार्य करें। जलभराव वाले क्षेत्रों में फसलों की निकासी की व्यवस्था रखें। वहीं आम लोग खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचें तथा मौसम विभाग की आधिकारिक चेतावनियों का पालन करें।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *