(देहरादून)30जून,2026.
मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन ने मंगलवार को सचिवालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शिलान्यास की गई 40 गतिमान परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों से परियोजनाओं की नियमित समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट पोर्टल पर समय से अपलोड करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि परियोजनाओं की प्रगति अपडेट करते समय उनकी संभावित पूर्णता तिथि का भी उल्लेख किया जाए। उन्होंने मानसून को देखते हुए वर्ष के अंत तक पूरी होने वाली परियोजनाओं की विशेष निगरानी करने पर जोर दिया।
बैठक में पर्यटन विभाग की महासू देवता हनोल और जागेश्वर धाम से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने, जबकि शहरी विकास विभाग को देहरादून की जलापूर्ति, सीवरेज और ड्रेनेज परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग कर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए।
ऊर्जा विभाग को लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना (300 मेगावाट), 220 केवी बनबसा सबस्टेशन, 400 केवी पिपलकोटी स्विचिंग सबस्टेशन तथा 220 केवी घनसाली सबस्टेशन सहित विभिन्न ट्रांसमिशन परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही वन स्वीकृति और भूमि हस्तांतरण से जुड़े मामलों की लगातार पैरवी सुनिश्चित करने को कहा गया।
मुख्य सचिव ने 13 जनपदों की 73 पेयजल योजनाओं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 133 सड़कों और 151 पुलों के निर्माण कार्य तथा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत ऊधमसिंहनगर में नदी पुनर्जीवन परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो परियोजनाएं अंतिम चरण में हैं, उन्हें सर्वोच्च प्राथमिकता देकर जल्द पूरा किया जाए।(साभार सू वि)
