“कवि समाज के चिंतक,मार्गदर्शक और प्रेरक”-सीएम धामी

Uttarakhand News

(देहरादून)06जून,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कालाढुंगी तहसील के धनपुर धमोला स्थित नमस्ते कॉर्बेट रिज़ॉर्ट में ललित फाउंडेशन के पंचम अधिवेशन “अभिव्यंजना 5.0” का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल एक कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि विचारों, भावनाओं और सृजनशीलता को अनुभव करने का अभिनव मंच है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कवि केवल शब्दों के निर्माता नहीं होते, बल्कि समाज के चिंतक, मार्गदर्शक और प्रेरक भी होते हैं। उनकी रचनाएं समाज को दर्पण दिखाने के साथ-साथ सकारात्मक परिवर्तन की दिशा भी प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि जब समाज चुनौतियों और उलझनों से घिरता है, तब कवि अपनी लेखनी के माध्यम से नई सोच और नई दिशा देने का कार्य करता है।

उन्होंने कहा कि भारत के स्वतंत्रता आंदोलन को गति देने में कवियों और साहित्यकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनकी रचनाओं ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति और स्वतंत्रता के प्रति जागरूकता पैदा की। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित कवियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी वाणी में प्रेम, विरह, विद्रोह, भक्ति, हास्य और देशभक्ति का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से कुमार विश्वास, अशोक चक्रधर और हरिओम पंवार का उल्लेख करते हुए कहा कि इन साहित्यकारों ने कविता को जन-जन तक पहुंचाने और युवाओं को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य किया है।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से साहित्य, संस्कृति और सृजन की भूमि रही है। सुमित्रानंदन पंत, चंद्रकुंवर बर्त्वाल, शैलेश मटियानी, गौरा पंत ‘शिवानी’ और मोहन उप्रेती जैसे साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं से समाज को दिशा देने का कार्य किया है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाज और साहित्य के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कवियों, कवित्रियों और साहित्यकारों को सम्मानित भी किया। उन्होंने साहित्य संगम को नई चेतना, नई ऊर्जा और “विकल्प रहित संकल्प” के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवि, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इससे पूर्व आईआरबी बेलपड़ाव, रामनगर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *