(देहरादून) 5अप्रैल,2026
उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से भेंट कर आगामी कुंभ मेला 2027 की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार नगर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र के अंतर्गत विद्युत लाइनों के भूमिगतिकरण एवं सिस्टम को स्वचालित बनाने के लिए प्रथम चरण में 325 करोड़ रुपये तथा द्वितीय चरण में लगभग 425 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान करने का अनुरोध किया।
इसके साथ ही उन्होंने हरिद्वार में घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहरी अवसंरचना के विकास के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। मुख्यमंत्री ने रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) को मेरठ के मोदीपुरम से आगे हरिद्वार तक विस्तारित करने तथा देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर के विकास का भी प्रस्ताव रखा।
बैठक के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक आश्वासन दिया, जिस पर मुख्यमंत्री ने उनका आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को उत्तराखण्ड का पारंपरिक उत्पाद बद्री गाय का घी भेंट किया।
