निकाय कार्मिकों के सशक्तिकरण हेतु सरकार प्रतिबद्ध:सीएम धामी

Uttarakhand News

(देहरादून)2अप्रैल,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में उत्तराखण्ड निकाय कर्मचारी संयुक्त मोर्चा द्वारा आयोजित आभार रैली में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कर्मचारियों द्वारा व्यक्त सम्मान के प्रति आभार जताते हुए इसे प्रदेश की जनता को समर्पित किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राज्य के विकास में कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, विशेषकर नगर निकाय कर्मियों की जिम्मेदारी शहरों और कस्बों में स्वच्छता एवं मूलभूत सुविधाओं के सुचारु संचालन में अहम होती है। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान कर्मचारियों की सेवा भावना को मानवता की उत्कृष्ट मिसाल बताया।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड जैसे आस्था, संस्कृति और पर्यटन आधारित राज्य में निकायों की भूमिका और अधिक बढ़ जाती है, खासकर चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा और कुंभ जैसे बड़े आयोजनों के दौरान। सरकार कर्मचारियों के सशक्तिकरण, सुरक्षा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए चरणबद्ध तरीके से निर्णय लिए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने निकाय कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के हित में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। इनमें पर्यावरण मित्रों का मानदेय ₹500 प्रतिदिन करना, चारधाम क्षेत्रों में कार्यरत कर्मचारियों को अतिरिक्त मानदेय, वर्दी एवं स्नोबूट हेतु ₹2,500 की सहायता, ₹5 लाख का ग्रुप टर्म लाइफ इंश्योरेंस, ईपीएफ और ईएसआई सुविधाएं सुनिश्चित करना तथा संविदा कर्मचारियों का वेतन ₹7,500 से बढ़ाकर ₹15,000 करना शामिल है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘अमृत योजना’, ‘स्मार्ट सिटी मिशन’ और ‘प्रधानमंत्री आवास योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से देशभर में विकास कार्यों को गति मिली है। राज्य सरकार इन योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर प्रदेश के समग्र विकास को आगे बढ़ा रही है। साथ ही ‘नमस्ते योजना’ और ‘आयुष्मान भारत योजना’ के माध्यम से सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, मोर्चा के मुख्य संयोजक श्री सुरेन्द्र तेश्वर, सह संयोजक श्री संतोष गौरव, श्री नरेश वेद सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *