पीएम मोदी के संभावित दौरे पर जिला प्रशासन अलर्ट

Uttarakhand News

(देहरादून)30मार्च,2026.

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के संभावित प्रतिभाग और जनपद भ्रमण को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। डीएम सविन बंसल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

डीएम ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संभावित भ्रमण मार्ग का तत्काल निरीक्षण करें और सड़क से जुड़े सभी कार्य जैसे सौंदर्यीकरण, डिवाइडर मरम्मत और सड़क सुधार को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करें। उन्होंने यूपीसीएल को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा कि अंडरग्राउंड केबलिंग के दौरान सड़क किनारे पड़ी केबलों को तुरंत हटाया जाए, ताकि आवागमन में किसी प्रकार की बाधा न आए और मार्ग सुरक्षित व व्यवस्थित रहे।

कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देते हुए डीएम ने मंच निर्माण, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, बैठने की सुविधा और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर निगम को कार्यक्रम स्थल और संभावित रूट पर विशेष सफाई अभियान चलाने के लिए कहा गया है।

इसके अतिरिक्त डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए संभावित रूट पर चल रहे सभी निर्माण कार्यों की पूर्व स्वीकृतियां तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई हैं ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और सौंपे गए दायित्वों को गंभीरता से निभाने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *