दिल्ली लालकिले बम विस्फोट में दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि

Uttarakhand News

(देहरादून)11नवंबर,2025.

दिल्ली के लालकिला परिसर में हुए आतंकी बम विस्फोट की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों की स्मृति में आज उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की और पार्टी मुख्यालय में मौन रखकर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की गई।

कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी नेताओं ने इस आतंकी हमले को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चेतावनी बताया। देहरादून के महापौर प्रत्याशी रहे वीरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि देश की राजधानी के हृदयस्थल लालकिले जैसे उच्च-सुरक्षा क्षेत्र में बम धमाका होना केंद्र सरकार की गंभीर सुरक्षा विफलता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि यह केवल खुफिया एजेंसियों की चूक नहीं बल्कि सरकार की संवेदनशीलता और तत्परता पर भी प्रश्नचिह्न है।

पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस घटना की जवाबदेही तय करनी चाहिए, क्योंकि यह घटना देश की जनता में भय और असुरक्षा का वातावरण पैदा करती है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए और दोषियों को शीघ्र दंडित किया जाना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा कि यह समय राजनीति का नहीं, बल्कि जवाबदेही का है। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र की समग्र समीक्षा की जाए, खुफिया तंत्र की कमियों को उजागर करने के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति गठित की जाए, और पीड़ित परिवारों को तत्काल सहायता एवं न्याय सुनिश्चित किया जाए। गरिमा ने कहा कि देश को ऐसा नेतृत्व चाहिए जो केवल भाषण न दे, बल्कि जनता की सुरक्षा की गारंटी सुनिश्चित करे।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की एकता, अखंडता और शांति के पक्ष में हमेशा खड़ी है और आतंक के हर रूप का पुरजोर विरोध करती है। इस मौके पर मौन धारण करने वालों में देवेंद्र सिंह, संजय कनौजिया, महिपाल शाह, ओम प्रकाश सती, शीशपाल बिष्ट, महेश जोशी, सुलेमान अली, मोहन कुमार काला, कैलाश वाल्मीकि, दीपक पंवार, संजय बिड़ला, ललित बद्री, वीरेन्द्र पंवार, शरीफ अहमद वेग, मौनी मेहता, सूरज क्षेत्री, अनिल बागड़ी, संजय थापा, शुभम चंद, हर्ष बागड़ी, वैभव सोनकर, हरजिंदर सिंह लक्की, प्रवीन नौटियाल, विकास शर्मा और मनमोहन सहित अनेक कांग्रेसजन शामिल रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *