(नई दिल्ली)15अक्टूबर,2025.
दिल्ली में इस बार यमुना नदी में छठ पूजा होगी। गत दिनों मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा लिए गए इस फैसले के बाद अब छठ पूजा की तैयारियों के लिए सरकार ने एक समिति गठित कर दी है।
दिल्ली में ‘छठ पूजा 2025’ के लिए स्थानों के चयन एवं तैयारियों की समीक्षा के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति के अध्यक्ष कला, संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा को बनाया गया है. यह समिति दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में छठ पूजा के लिए उपयुक्त स्थलों की पहचान, सुविधाओं की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, परिवहन और श्रद्धालुओं की सहूलियत से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा कर अपनी रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत करेगी।
समिति में चार विधायक सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं जिसमें अभय कुमार वर्मा, चंदन कुमार चौधरी, संदीप सेहरावत और दीपक चौधरी शामिल हैं. छठ पूजा के लिए बनाई गई समिति का अध्यक्ष नामित करने पर कपिल मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा ना केवल पूर्वांचल बल्कि दिल्ली की भी सांस्कृतिक पहचान है बल्कि यह हमारी सामूहिक आस्था और एकता का प्रतीक भी है लेकिन जानबूझकर पिछली सरकारों ने लाखों- करोड़ों लोगों की आस्था के साथ खिलवाड़ किया. लेकिन इस बार दिल्ली सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में पूजा करने का अवसर मिले. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, रोशनी और चिकित्सा सुविधाएं सर्वोत्तम स्तर पर हों।
उन्होंने कहा कि वे इस महापर्व में उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लें तथा स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. छठ केवल एक पर्व नहीं बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है और हम सब मिलकर इस पर्व को सफल बनाएंगे. सावन माह में जिस तरह कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हुई थी, ये सौभाग्य रहा कि उसके सफल आयोजन की भी मुझे ज़िम्मेदारी मिली थी. उसी तरह छठ पूजा का ये पर्व भी बड़ी ही धूमधाम से संपन्न होगा. पिछली सरकारों ने छठी मैय्या के श्रद्धालुओं के साथ अन्याय किया था लेकिन अब इस पर्व की छटा पूरी तरह बदली दिखाई देगी। (साभार एजेंसी)
