इंडिया मोबाइल कांग्रेस”:5G-6G से लेकर किसानों और छोटे उद्योगों तक पर रहेगा फोकस

National News

(नई दिल्ली )02सितम्बर,2025.

भारत में होने वाला इंडिया मोबाइल कांग्रेस (IMC) 2025 इस बार सिर्फ तकनीकी मंच नहीं रहेगा, बल्कि यह समाज के अलग-अलग तबकों को जोड़ने का सेतु बनेगा। केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि अक्तूबर में आयोजित होने वाले मोबाइल कॉन्ग्रेस में 5G और 6G टेक्नोलॉजी पर खास फोकस करेगा और साथ ही किसानों, MSMEs और स्कूली बच्चों तक डिजिटल कनेक्टिविटी पहुंचाने के नए रास्तों पर भी चर्चा करेगा।

सिंधिया ने इस मौके पर AI-पावर्ड इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 एप लॉन्च किया, जिसमें नागरिक इस आयोजन से संबंधित सभी जानकारी देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस बार सम्मेलन में 115 देशों से लगभग 1.5 लाख प्रतिभागी शामिल होंगे। बता दें कि इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2025 का आयोजन 8 से 11 अक्तूबर के बीच दिल्ली स्थित यशोभूमि (इंडिया इंटरनेशनल कॉन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर) में किया जा रहा है।

30 मंत्रालयों की होगी भागीदारी:
उन्होंने बताया, “इंडिया मोबाइल कांग्रेस सिर्फ 5G, 6G, AI और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसी तकनीकों पर बातचीत का मंच नहीं है, बल्कि यह समाज के हर हिस्से को जोड़ने का अवसर है। चाहे किसान हों, MSMEs हों या स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे, हर किसी के लिए नई उम्मीदें और नए अवसर यहीं से निकलेंगे।”

सिंधिया ने बताया कि इस साल केंद्र सरकार के 30 मंत्रालय आगामी मोबाइल कॉन्ग्रेस में भाग लेंगे। इससे यह आयोजन केवल टेक्नोलॉजी तक सीमित न रहकर, विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन का मार्ग प्रशस्त करेगा।

आत्मनिर्भर भारत से जुड़ा विजन:
दूरसंचार मंत्री ने कहा, “आज एप लॉन्च के जरिए हम दर्शकों और प्रतिभागियों के अनुभव को एक नए स्तर पर ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। इस साल का हमारा विजन ‘इनोवेट और ट्रांसफॉर्म’ है, जो प्रधानमंत्री द्वारा बताए गए आत्मनिर्भर भारत और 2047 तक भारत को विजय की ओर ले जाने के लक्ष्य से सीधे जुड़ा है।”(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *