(चंडीगढ़,हरियाणा)24नवंबर,2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने आज गुरुग्राम में पंचायतों और नगर पालिकाओं को सशक्त बनाने पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन के समापन अवसर पर देशभर से आए प्रतिनिधियों एवं विशेषज्ञों के साथ स्थानीय स्वशासन को मजबूत बनाने पर विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में वित्तीय आत्मनिर्भरता, स्वायत्तता, सुशासन और प्रभावी सेवा वितरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ। विकसित भारत की मजबूत नींव पंचायतों और वार्डों में ही रखी जाएगी। हमारा संकल्प है कि हर स्थानीय निकाय अधिकारों और संसाधनों के साथ आत्मनिर्भर एवं जवाबदेह बने।
उन्होंने कहा कि जब पंचायतें और नगर पालिकाएं मजबूत होंगी, तभी गांवों और शहरों का संतुलित विकास संभव होगा। स्थानीय निकायों को निर्णय लेने की स्वतंत्रता और पर्याप्त वित्तीय संसाधन मिलने से विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार पंचायतों और नगर निकायों को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ावा देकर स्थानीय शासन को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
उन्होंने सम्मेलन में आए सभी प्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस मंथन से निकले सुझाव स्थानीय स्वशासन को नई दिशा देंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान एवं गुरुग्राम विश्वविद्यालय को साधुवाद। आदरणीय केंद्रीय मंत्री श्री मनोहर लाल जी का उनके मार्गदर्शन के लिए विशेष धन्यवाद करता हूँ।(साभार सोशल मीडिया)


