कमजोर वर्ग के लिए स्वरोजगार बना उम्मीद की किरण

Uttarakhand News

(देहरादून )22नवंबर,2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के कमजोर वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसी दिशा में उत्तराखण्ड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के तहत कमजोर वर्ग के परिवारों को स्वरोजगार विकसित करने के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। इस पहल से गांवों में रहने वाले गरीब परिवारों को अपनी आजीविका खुद खड़ी करने का अवसर मिल रहा है।

कैबिनेट मंत्री श्री कैड़ा ने कहा कि मूल रूप से उत्तराखण्ड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना वर्षा आधारित कृषि क्षेत्रों में कृषि-औद्यानिकी को बढ़ावा देने तथा ग्रीन हाउस गैस उत्सर्जन को कम करने आदि विषयों पर काम कर रही है। इसके साथ-साथ समाज के कमजोर वर्ग को स्वरोजगार के क्षेत्र में सहयोग करने का विषय भी इसमें जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल खेती को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि ग्रामीण परिवारों की आमदनी बढ़ाना भी है।

परियोजना के तहत व्यक्तिगत लाभार्थियों को 35 हजार तथा समूह को अधिकतम 1 लाख 20 हजार रुपए की मदद की जा रही है। इसमें व्यक्तिगत लाभार्थी मधुमक्खी पालन, प्लम्बर, इलेक्ट्रिशयन, मुर्गी व बकरी पालन, घराट संचालन आदि का कार्य कर सकता है। समूहों को बैंड पार्टी, टेंट हाउस, फल संरक्षण, अचार निर्माण, मछली पालन आदि के लिए सहयोग मिल रहा है। कई ग्रामीणों को इसका लाभ मिल भी चुका है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

लाभार्थियों का चयन ग्राम सभा की खुली बैठक में आर्थिक वर्गीकरण के आधार पर किया जाता है। यह परियोजना नैनीताल, अल्मोड़ा, उधमसिंहनगर, पौड़ी, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी व रुद्रप्रयाग जिले के 15 ब्लाकों की 519 ग्राम पंचायतों में संचालित की जा रही है।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *