(चंडीगढ़,हरियाणा)10 नवंबर 2026
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय कपालमोचन मेले की तैयारियों की समीक्षा की। यह प्रसिद्ध मेला 20 से 24 नवंबर तक यमुनानगर में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मेले को भव्य, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और चिकित्सा सुविधाओं के बेहतर प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि यह मेला हमारी आस्था और संस्कृति से जुड़ा है, इसलिए इसकी गरिमा के अनुरूप तैयारी होनी चाहिए।
इस बार मेले में कई नए आकर्षण जोड़े जा रहे हैं। श्रद्धालुओं के लिए सिखों के दस गुरुओं के इतिहास को दर्शाती प्रदर्शनी लगाई जाएगी। अंबाला में बनाए गए 1857 के शहीदी स्मारक पर आधारित विशेष प्रदर्शनी और सरकार की उपलब्धियों व योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी मेले का हिस्सा होंगी।
इसके अलावा गुरु नानक देव जी के जीवन संदेश पर केंद्रित भव्य ड्रोन शो और लाइट एंड साउंड शो भी आयोजित किया जाएगा, जो मेले के मुख्य आकर्षण के रूप में रहेगा।(साभार सोशल मीडिया)


