(देहरादून )05नवंबर,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के माध्यम से लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में ₹148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 की धनराशि ट्रांसफर की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के जरिए पात्र लाभार्थियों को आर्थिक मदद दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि हर पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर मिले।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डीबीटी व्यवस्था से लाभार्थियों के खातों में सीधे राशि पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी की संभावना कम हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वृद्धजनों के सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण को विशेष प्राथमिकता दे रही है। पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहारा देने के साथ ही उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने में मदद कर रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल आर्थिक सहायता देना नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को सामाजिक सुरक्षा और सम्मान देना भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण कुछ लाभार्थियों को पेंशन संबंधी दस्तावेज बनवाने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर लगभग 7 हजार लाभार्थियों को विशेष प्रावधानों के तहत आधार के बिना भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि हर माह समय पर लाभार्थियों के खातों में पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। दीपावली से पहले पेंशन की राशि लाभार्थियों तक पहुंचाने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेंशन योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनाए रखें और पात्र लाभार्थियों को किसी तरह की परेशानी न होने दें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का असली उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ जरूरतमंद व्यक्ति तक समय पर पहुंचे। उन्होंने सभी लाभार्थियों को आगामी दीपावली, धनतेरस, भैयादूज और गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुख-शांति और कुशलता की कामना की।
अक्टूबर 2026 में वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को ₹93.69 करोड़, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को ₹35.93 करोड़ और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को ₹13.50 करोड़ की राशि भेजी गई। इसके अलावा किसान पेंशन के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन के 2 हजार 248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी पेंशन राशि का भुगतान किया गया। इस तरह कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों को ₹148.18 करोड़ की धनराशि ट्रांसफर की गई।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री श्री खजान दास, अपर सचिव श्री विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण श्री संजय टोलिया, समाज कल्याण विभाग से संयुक्त सचिव श्री धीरेन्द्र सिंह, संयुक्त निदेशक श्री गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक श्रीमती हेमलता पाण्डेय मौजूद रहे।(साभार सू वि)


