नवीकरणीय ऊर्जा में उत्तराखंड को मिला राष्ट्रीय सम्मान

Uttarakhand News

( देहरादून )31अक्टूबर,2026.

नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखंड ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (MNRE) द्वारा विकसित रिन्यूएबल एनर्जी स्टेट असेसमेंट फ्रेमवर्क (RE-SAF) के तहत उत्तराखंड को देश के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विशेष श्रेणी राज्यों में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है।

केंद्रीय मंत्रालय के सचिव संतोष सारंगी ने 31 अक्टूबर 2026 को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी और राज्य सरकार को बधाई दी। पत्र में कहा गया है कि उत्तराखंड ने नवीकरणीय ऊर्जा के विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में निरंतर प्रयास किए हैं।

इस उपलब्धि के लिए उत्तराखंड को 5 नवंबर 2026 को आयोजित भारत RE समिट एवं एक्सपो-2026 के समापन सत्र में उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान प्रदेश की प्रतिबद्धता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 2030 तक 500 गीगावाट गैर-जीवाश्म ईंधन क्षमता के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है और उत्तराखंड भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सौर ऊर्जा, जल विद्युत और लघु जल विद्युत के अधिकतम उपयोग पर ध्यान दे रही है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ रोजगार और आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

RE-SAF फ्रेमवर्क के तहत राज्यों का मूल्यांकन क्षमता वृद्धि, नीतिगत व्यवस्था, ग्रिड सुविधाएं, डिस्कॉम प्रदर्शन और निवेश अनुकूल वातावरण जैसे मानकों पर किया जाता है।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *