(देहरादून )30अक्टूबर,2026
उत्तराखंड के उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने आज देहरादून के आमवाला स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक एवं आईआरडीटी परिसर में तकनीकी शिक्षा और रोजगार से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया।
डॉ. रावत ने राजकीय पॉलिटेक्निक, आमवाला में ₹963.45 लाख की लागत से बनने वाले नवीन एकेडमिक भवन का शिलान्यास किया। इस भवन के बनने से छात्रों को आधुनिक क्लासरूम, प्रयोगशाला और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा।
इसके साथ ही उन्होंने आईआरडीटी, आमवाला में ₹488.52 लाख की लागत से निर्मित एडवांस ट्रेनिंग सेंटर के द्वितीय फेज का लोकार्पण किया। यह सेंटर युवाओं को उद्योगों की मांग के अनुरूप एडवांस स्किल ट्रेनिंग प्रदान करेगा।
साथ ही ₹328.27 लाख की लागत से निर्मित ऑनलाइन प्लेसमेंट सेल का भी लोकार्पण किया गया। इस सेल के माध्यम से पॉलिटेक्निक के छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट, इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।
कुल ₹1780.24 लाख की इन तीनों परियोजनाओं से तकनीकी शिक्षा को मजबूती मिलेगी। डॉ. रावत ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के युवाओं को आधुनिक शिक्षा, बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के अधिक अवसर मिलें, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर प्रदेश के विकास में योगदान दे सकें।(साभार सोशल मीडिया)


