रामगंगा पर बनेगा बांध,गैरसैंण को मिलेंगी नई सड़कें

Uttarakhand News

भराड़ीसैंण(गैरसैंण)28 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण (भराड़ीसैंण) से जनपद चमोली के लिए 231.91 करोड़ रुपये की 12 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 197.87 करोड़ की 6 योजनाओं का शिलान्यास और 34.04 करोड़ की 6 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।

इन योजनाओं का सीधा फोकस पेयजल, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आपदा सुरक्षा पर है। सबसे बड़ी योजना गैरसैंण शहर और आसपास की आबादी के लिए रामगंगा नदी पर 122.69 करोड़ रुपये की लागत से बांध निर्माण की है। इसके बनने से गैरसैंण की लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या दूर होगी।

इसके अलावा कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में भू-धंसाव से सुरक्षा के लिए 50.18 करोड़ रुपये के कार्यों का शिलान्यास किया गया। यह क्षेत्र भू-धंसाव के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है।

सड़कों को लेकर भी दो अहम शिलान्यास हुए – 6.99 करोड़ से कुमोली-रैवान से फरखण्डे मोटर मार्ग और 5.60 करोड़ से गैरसैंण-पज्याणा से कुमोली मोटर मार्ग का निर्माण होगा। शिक्षा के क्षेत्र में 12.16 करोड़ से राजकीय पॉलिटेक्निक गैरसैंण का भवन बनेगा।

वहीं जिन योजनाओं का लोकार्पण हुआ उनमें 14.82 करोड़ से खजुरखाल-भण्डारीखोड़-कुनीगाड़ मोटर मार्ग का उच्चीकरण, 4.37 करोड़ से जीआईसी गैरसैंण में ऑडिटोरियम, सारकोट-भराड़ीसैंण और कारगिल शहीद रणजीत सिंह मोटर मार्गों का सुधार कार्य शामिल है।

कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 4.37 करोड़ से फायर यूनिट भवन और 4.24 करोड़ से नया थाना गैरसैंण भवन भी जनता को समर्पित किया गया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, विधायक अनिल नौटियाल सहित जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *