(देहरादून)22सितंबर,2026
मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने जनपद टिहरी_गढ़वाल में “आंगन का मिलन” कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियों को लेकर आज कलेक्ट्रेट सभागार में विभागीय अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि जनपद के 2017 आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं, बच्चों और अभिभावकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को विभागीय योजनाओं से जोड़ने के साथ बच्चों के लिए रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
मंत्री श्रीमती रेखा आर्या ने कहा कि इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना, पोषण माह एवं टेक होम राशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों तक पहुंचाई जाएगी।
मंत्री ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
साथ ही मंत्री रेखा आर्या ने निर्देशित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों की निर्धारित समयावधि में ही कार्यक्रम संपन्न किए जाए, ताकि बच्चों, माताओं और अभिभावकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने मानदेय बढ़ोतरी का विषय भी रखा। उनकी मांग पर आश्वस्त किया कि मानदेय बढ़ोतरी के प्रस्ताव को जल्द कैबिनेट के समक्ष लाया जाएगा।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि हमारी आंगनबाड़ी बहनें विषम भौगोलिक परिस्थितियों में विभागीय जिम्मेदारियों का दायित्व निभा रही हैं और उनके योगदान को सम्मान देना हमारी प्राथमिकता है।
इस अवसर पर श्री जिलाध्यक्ष श्री उदय रावत जी,चंबा ब्लॉक प्रमुख श्रीमती सुमन सजवाण जी,जिलाधिकारी श्रीमती नितिका खण्डेलवाल जी, मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती वरुणा अग्रवाल जी ,जिला विकास अधिकारी श्री असलम बेग जी,जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री संजय गौरव जी, जिला परिवीक्षा अधिकारी श्रीमती ज्योति पटवाल जी,महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती इंदु डंगवाल जी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्री गोविन्द रावत जी सहित जनपद स्तरीय अधिकारीगण और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।(साभार सोशल मीडिया)
