(देहरादून)26अगस्त,2026.
मिस यूनिवर्स इंडिया-2026 का खिताब जीतने के बाद केजिया लिज मेजो ने युवाओं, देश में उठ रही आवाजों, लोकतांत्रिक भागीदारी और शिक्षा को लेकर अपनी सोच साझा की। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी के पास बदलाव लाने की ताकत, दृष्टि और साहस है। युवाओं को केवल सपने देखने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपनी क्षमता पर विश्वास करते हुए बड़े लक्ष्य तय करने चाहिए।
‘आसान सपना बड़ा नहीं होता’
केजिया ने युवाओं से कहा कि अगर कोई सपना आसानी से पूरा होता हुआ दिखाई दे रहा है तो शायद वह सपना पर्याप्त बड़ा नहीं है। उनके मुताबिक, असंभव लगने वाले लक्ष्य के लिए वर्षों तक मेहनत करने की तैयारी ही असली सपने की पहचान है। उन्होंने अपने उदाहरण का जिक्र करते हुए कहा कि 19 साल की उम्र में मिस यूनिवर्स के मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना कभी असंभव लगता था, लेकिन आज वह उसी मुकाम पर खड़ी हैं।
आवाज उठाना लोकतंत्र की ताकत:
देश में हो रहे आंदोलनों और अलग-अलग मुद्दों पर युवाओं की आवाज को लेकर केजिया ने कहा कि आज की पीढ़ी की आवाज उसकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने लोकतंत्र में अपनी बात रखने, सवाल उठाने और अपने सहज क्षेत्र से बाहर निकलकर सही काम के लिए आवाज उठाने को महत्वपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत इसी में है कि लोग अपनी आवाज का इस्तेमाल करें और बदलाव के लिए आगे आएं। उनके मुताबिक, एक आवाज जब कई लोगों की आवाज के साथ जुड़ती है तो वह बदलाव की ताकत बन जाती है।(साभार एजेंसी)
