(नई दिल्ली)12जुलाई,2026
एशियाई चैंपियनशिप की स्वर्ण पदक विजेता नीरू धांडा ने इटली के लोनाटो में आईएसएसएफ निशानेबाजी शॉटगन विश्व कप की महिला ट्रैप स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर का पहला व्यक्तिगत विश्व कप स्वर्ण पदक जीत लिया।
इसके साथ ही उन्होंने इस वर्ष वैश्विक स्तर पर शॉटगन स्पर्धाओं में भारत के व्यक्तिगत पदक के इंतजार को भी समाप्त कर दिया।
पिछले वर्ष एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण और इस साल उन्होंने लगातार दो दिन बेहतरीन निशानेबाजी का प्रदर्शन किया। मौजूदा राष्ट्रीय चैंपियन नीरू ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 30 में से 27 निशाने साधकर विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ दिया।
फ्रांस की पूर्व विश्व चैंपियन कैरोल कार्मेनियर 25 अंकों के साथ रजत पदक जीतने में सफल रहीं, जबकि मेजबान इटली की एरिका सेसा ने कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में भारत की अन्य निशानेबाज मनीषा कीर 125 में 117 अंक के साथ क्वालिफिकेशन में 10वें स्थान पर रहीं और फाइनल में जगह बनाने से चूक गईं थीं।(साभार एजेंसी)
