छठें ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ

Uttarakhand News

(देहरादून)11जुलाई,2026

परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को छठे ‘लोक संवर्धन पर्व’ का शुभारंभ किया। उत्तराखंड इस आयोजन में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के साथ साझेदारी करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।

11 से 15 जुलाई तक चलने वाले इस महोत्सव में देशभर के शिल्पकारों, हस्तशिल्पियों, लोक कलाकारों, उद्यमियों और पाक कला विशेषज्ञों को एक साझा मंच मिला है। महोत्सव में 150 से अधिक स्टॉलों पर भारत की समृद्ध लोक कला, हस्तशिल्प, पारंपरिक उत्पाद और व्यंजनों का प्रदर्शन किया जा रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारत की विविध लोक परंपराएं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। ऐसे आयोजन न केवल संस्कृति के संरक्षण का माध्यम बनते हैं, बल्कि स्थानीय शिल्पकारों और कारीगरों को नए बाजार और रोजगार के अवसर भी उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ और ‘एक जनपद दो उत्पाद’ जैसी योजनाओं के माध्यम से उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का कार्य कर रही है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि लोक संवर्धन पर्व भारत की सांस्कृतिक एकता, पारंपरिक कौशल और कारीगरों के सम्मान का राष्ट्रीय उत्सव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विरासत का संवर्धन (पीएम विकास) योजना के तहत आयोजित यह महोत्सव शिल्पकारों को विपणन, ब्रांडिंग और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार की सराहना करते हुए कहा कि इस आयोजन में साझेदारी करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनकर सांस्कृतिक संरक्षण और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है।(साभार सू वि)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *