(नैनीताल)03जुलाई, 2026
राज्य सरकार के “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” के संकल्प तथा “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनपद नैनीताल में 04 जुलाई से 18 जुलाई, 2026 तक 15 दिवसीय “सेवा पखवाड़ा” का आयोजन किया जाएगा। सेवा पखवाड़े के दौरान जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्रों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन कर आमजन को राज्य एवं केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा।
जिलाधिकारी के निर्देशानुसार सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु मुख्य विकास अधिकारी, नैनीताल को जनपद नोडल अधिकारी नामित किया गया है। कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए प्रत्येक शिविर हेतु नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो संबंधित विभागों के समन्वय से शिविरों का संचालन सुनिश्चित करेंगे।
सेवा पखवाड़ा का शुभारम्भ 04 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे राज्य स्तरीय कार्यक्रम के सजीव प्रसारण के साथ विकासखंड भीमताल से होगा। शुभारम्भ अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, खेल, महिला एवं युवा कल्याण, सैनिक कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, कृषि, उद्यान, पशुपालन, उद्योग, आधारभूत संरचना विकास तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित विषयगत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल स्थापित कर योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया तथा पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभान्वित करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना तथा शासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाना है। इसी उद्देश्य से शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही शिविर उपरांत अधिकारी क्षेत्र भ्रमण कर ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान करेंगे, जो अब तक योजनाओं से वंचित हैं तथा उन्हें विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित कराने हेतु आवेदन भी भरवाए जाएंगे।
सेवा पखवाड़ा के दौरान राजस्व, ग्राम्य विकास, शहरी विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, चिकित्सा स्वास्थ्य, आयुष, पशुपालन, उद्यान, ऊर्जा, सहकारिता, लोक निर्माण, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आपदा प्रबंधन, बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों सहित 24 विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाकर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
(05 जुलाई को आयोजित खेल कार्यक्रम को छोड़कर सभी शिविरों में विभागीय सहभागिता अनिवार्य रहेगी।)
कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिला सूचना कार्यालय द्वारा प्रचार सामग्री, बैनर, जनजागरूकता साहित्य उपलब्ध कराया जाएगा तथा सभी शिविरों की मीडिया कवरेज सुनिश्चित की जाएगी। संबंधित उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अधिशासी अधिकारी स्थानीय निकायों के सहयोग से कार्यक्रम स्थल पर टेंट, स्टॉल, पेयजल, विद्युत, मंच, ध्वनि व्यवस्था, सुरक्षा, जनप्रतिनिधियों के आमंत्रण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
कार्यक्रमों में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधि संस्थाओं, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, लाभार्थियों एवं आमजन की सहभागिता रहेगी। राजस्व विभाग द्वारा प्रत्येक शिविर में लंबित राजस्व वादों के निस्तारण हेतु “समाधान समारोह” के अंतर्गत विशेष लोक अदालत का भी आयोजन किया जाएगा।
सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम रोस्टर
दिनांक 04 जुलाई 2026
विकासखंड परिसर, भीमताल
रोजगार, स्वरोजगार एवं कौशल विकास।
दिनांक 05 जुलाई 2026
स्पोर्ट्स स्टेडियम, हल्द्वानी
मैराथन, मंडल स्तरीय शूटिंग एवं साइकिलिंग प्रतियोगिताएं।
दिनांक 06 जुलाई 2026
विकासखंड परिसर, रामनगर
स्वास्थ्य, शिक्षा, दिव्यांगजन सहायता, महिलाओं एवं बालिकाओं हेतु विशेष स्वास्थ्य शिविर।
दिनांक 07 जुलाई 2026
तहसील परिसर, श्री कैंचीधाम
महिला, युवा एवं सैनिक कल्याण।
दिनांक 08 जुलाई 2026
विकासखंड परिसर, धारी
कृषि, उद्यान एवं पशुपालन।
09 जुलाई 2026
विकासखंड परिसर, कोटाबाग
उद्योग तथा लघु एवं सूक्ष्म उद्योग।
दिनांक 10 जुलाई 2026
विकासखंड परिसर, हल्द्वानी
रेल, सड़क, रोपवे, जमरानी बांध, उड़ान योजना एवं अन्य आधारभूत संरचना विकास।
दिनांक 13 जुलाई 2026
रामलीला मैदान, गोमतीगैर (मल्ला सूपी), रामगढ़
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा।
दिनांक 14 जुलाई 2026
रामलीला ग्राउंड, नाई, ओखलकांडा
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा।
दिनांक 15 जुलाई 2026
जीआईसी लोहाली, बेतालघाट
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा।
दिनांक 17 जुलाई 2026
तहसील परिसर, लालकुआँ
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा।
दिनांक 18 जुलाई 2026
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार एवं सेवा पखवाड़ा।
राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा पखवाड़ा इसी संकल्प को धरातल पर साकार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान के माध्यम से शासन-प्रशासन आमजन के द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करेगा, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से आच्छादित करेगा तथा सुशासन, सेवा और जनसरोकारों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को और अधिक सशक्त बनाएगा। जनपद प्रशासन ने सभी नागरिकों से सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित बहुउद्देशीय शिविरों में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।
