कांग्रेस का 40 दिवसीय जनजागरण अभियान शुरू

Uttarakhand News

(देहरादून)29जून,2026

देशभर में पेपर लीक, परीक्षा अनियमितताओं, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने राष्ट्रव्यापी जनजागरण अभियान की शुरुआत की है। अभियान के प्रथम चरण में देश के 28 प्रमुख शहरों में 40 दिनों तक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाए जाएंगे, जिनमें देहरादून भी शामिल है।
अभियान के तहत 24 जून को देशभर के 28 शहरों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता की। आगामी 1 अगस्त को राष्ट्रव्यापी सत्याग्रह तथा 9 अगस्त को “दिल्ली चलो – संसद घेराव” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे।

देहरादून अभियान का संयोजक पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष सुमित्रा भुल्लर को बनाया गया है। समन्वय की जिम्मेदारी वैभव वालिया और महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला को सौंपी गई है। अभियान के प्रभावी संचालन के लिए 50 सदस्यीय एक्शन टीम का गठन किया गया है।

इसी क्रम में सोमवार को उत्तराखंड कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में चयनित 50 सदस्यों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में आगामी 40 दिनों की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा करते हुए कॉर्नर मीटिंग, पंपलेट वितरण, युवा संवाद, संविधान संवाद, कवि सम्मेलन, मुशायरा तथा सप्ताहांत में बड़े युवा कार्यक्रम आयोजित करने की रणनीति तैयार की गई।

कार्यक्रम संयोजक सुमित्रा भुल्लर ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि आज देश का सबसे बड़ा संकट केवल बेरोजगारी नहीं, बल्कि युवाओं का व्यवस्था पर से उठता विश्वास है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और परीक्षा निरस्तीकरण जैसी घटनाओं से लाखों युवाओं के सपने टूट रहे हैं।

बैठक में शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, नकल माफिया की भूमिका और गुणवत्तापूर्ण व सस्ती शिक्षा के अधिकार पर भी चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी युवाओं को सम्मान, अवसर और भरोसा देने वाली शिक्षा व्यवस्था की पक्षधर है तथा शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को जवाबदेह बनाने के लिए अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

प्रशिक्षण सत्र के अंत में महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए अभियान को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अनुसूचित विभाग के राष्ट्रीय संयोजक नानकचंद, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी, अशोक राणा, संजय किशोर, जसविंदर गोगी, मोहित उनियाल, विनीत प्रसाद बंटू, ओमप्रकाश सती, अभिनव थापर, मदनलाल, आशीष सैनी, निधि नेगी, पूनम सिंह सहित विभिन्न विभागों के 50 सदस्य उपस्थित रहे।(साभार )

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *