आंध्र प्रदेश से शुरू होगा विकसित भारत-रोजगार मिशन:शिवराज

National News

(नई दिल्ली)17जून,2026

ग्रामीण भारत में रोजगार, आजीविका और पंचायत विकास को मजबूत बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घोषणा की है कि ‘विकसित भारत-रोजगार और आजीविका मिशन (VB-G RAMG)’ का राष्ट्रीय शुभारंभ 1 जुलाई 2026 को आंध्र प्रदेश से किया जाएगा। इस मिशन के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, पंचायतों को सशक्त बनाया जाएगा और महिलाओं तथा किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

शिवराज सिंह चौहान यह घोषणा आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण से नई दिल्ली स्थित कृषि भवन में मुलाकात के बाद हुई बैठक में की। बैठक में ग्रामीण विकास योजनाओं, रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन, पंचायत विकास और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई।

आदर्श पंचायतों के मॉडल दिखाएगा आंध्र प्रदेश
शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत विकास योजना की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आंध्र प्रदेश द्वारा विकसित आदर्श पंचायतों और कचरा-मुक्त ग्राम पंचायतों के सफल मॉडलों को भी प्रस्तुत किया जाएगा, ताकि अन्य राज्य उनसे सीख लेकर अपने यहां लागू कर सकें। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश देश के सबसे प्रगतिशील राज्यों में से एक है और यहां विकास कार्यों में तेजी से फैसले लिए जाते हैं। राज्य को ग्रामीण विकास के क्षेत्र में और नवाचार करने चाहिए, जिससे पूरे देश को लाभ मिल सके।

ग्रामीण योजनाओं में तकनीक का उपयोग
उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने बताया कि राज्य में ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत किए जा रहे सभी कार्यों को जियो-टैग किया गया है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और भ्रष्टाचार की संभावना खत्म हो। लाभार्थियों के सत्यापन के लिए फेस रिकग्निशन आधारित प्रणाली भी लगभग तैयार है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के तहत घरों और ग्रामीण सड़कों का निर्माण तेजी से चल रहा है। इसके अलावा राज्य की हर पंचायत में पशुओं के लिए पेयजल की व्यवस्था की गई है, जिससे पशुपालकों को लाभ मिल रहा है।

आंध्र प्रदेश को मिले 7,700 करोड़ रुपये
पवन कल्याण ने VB-G RAMG योजना के तहत आंध्र प्रदेश को 7,700 करोड़ रुपये से अधिक की अंतरिम सहायता प्रदान करने के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इससे राज्य में ग्रामीण विकास परियोजनाओं को गति मिलेगी।

कॉफी बागानों और तटीय पंचायतों पर विशेष फोकस:
बैठक में बताया गया कि आंध्र प्रदेश में कॉफी बागान गतिविधियों को भी VB-G RAMG योजना में शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और आय के नए अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा तटीय क्षेत्रों में आदर्श पंचायतों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि वहां सतत विकास को बढ़ावा मिल सके।

महिलाओं के लिए वाहन खरीद योजना को मंजूरी:
ग्रामीण विकास मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों (लखपति दीदी) को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए वाहन खरीदने की योजना को मंजूरी दी गई है। यह सहायता दीन दयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (DAY-NRLM) के तहत उपलब्ध कराई जाएगी।

राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में आमंत्रण:
शिवराज सिंह चौहान ने पवन कल्याण को 28 और 29 जून को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय ग्रामीण विकास सम्मेलन में भाग लेने का निमंत्रण भी दिया। सम्मेलन में राज्यों के अनुभवों, नवाचारों और ग्रामीण विकास की सफल योजनाओं पर चर्चा होगी।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *