12 प्रमुख परियोजनाओं की सीएम धामी ने की समीक्षा

Uttarakhand News

(देहरादून)08जून,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रगति पोर्टल के माध्यम से राज्य की विभिन्न महत्वपूर्ण अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में परिवहन, ऊर्जा, लोक निर्माण, राष्ट्रीय राजमार्ग, सीमा सड़क संगठन तथा अन्य विभागों से संबंधित लगभग 6,940 करोड़ रुपये लागत की 12 प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सभी विभागों को समन्वित और परिणामोन्मुखी कार्यशैली अपनानी होगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा मुख्यमंत्री स्तर पर प्रत्येक माह तथा मुख्य सचिव स्तर पर प्रत्येक 10 दिन में की जाए। साथ ही परियोजनाओं में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन परियोजनाओं का 50 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें 15 अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। भूमि हस्तांतरण, वन स्वीकृति, भूमि अधिग्रहण, क्षतिपूर्ति भुगतान अथवा अन्य प्रशासनिक कारणों से लंबित परियोजनाओं के मामलों का त्वरित समाधान करने के लिए विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने प्रगति पोर्टल को प्रभावी निगरानी तंत्र के रूप में उपयोग करने पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक परियोजना की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिलाधिकारियों को भी जनपद स्तर पर लंबित प्रकरणों की व्यक्तिगत निगरानी कर शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा, सीमांत क्षेत्रों की सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं, विद्युत अवसंरचना और परिवहन सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं राज्य के विकास की आधारशिला हैं। इन परियोजनाओं के समय पर पूर्ण होने से पर्यटन, व्यापार, निवेश और रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक परियोजना के लिए स्पष्ट उत्तरदायित्व तय करने और अपेक्षित प्रगति न होने पर विशेष कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, बृजेश कुमार संत, पंकज पाण्डेय, मेहरबान सिंह बिष्ट, बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी तथा वर्चुअल माध्यम से जिलाधिकारी उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *