दिल्ली-UP समेत कई राज्यों में बारिश के आसार

National News

(नई दिल्ली)07जून,2026

दक्षिण-पश्चिम मानसून के तेजी से आगे बढ़ने के साथ देश का मौसम अब स्पष्ट रूप से दो अलग तस्वीरें पेश कर रहा है। दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से मूसलाधार बारिश की चपेट में हैं, जबकि उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में गर्मी अभी भी अपना प्रभाव बनाए हुए है। हालांकि, रविवार से उत्तर भारत के पहाड़ी से लेकर मैदानी राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं, गरज-चमक और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

दक्षिण भारत में मानसून का जोर,केरल में रेड अलर्ट:
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों में मानसून महाराष्ट्र, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा और पूर्वोत्तर भारत के अतिरिक्त हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके प्रभाव से इन राज्यों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होने और कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। केरल और माहे में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। कुछ स्थानों पर 204.5 मिलीमीटर से अधिक वर्षा होने का अनुमान है। तटीय कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी में भी भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में बारिश के आसार:
जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फरबाद में 7 से 12 जून के दौरान छिटपुट वर्षा की संभावना है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 11-12 जून तक हल्की से भारी बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और कुछ मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि की संभावना है। हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर, पूर्व व पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी व पूर्वी राजस्थान में भी 12 जून तक अलग-अलग स्थानों पर छिटपुट से लेकर व्यापक वर्षा होने की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं, जिनके झोंके 70 किमी प्रति घंटे तक जा सकते हैं।

मध्य और पूर्वी भारत में आंधी-तूफान के आसार:
बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान है। झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर देखने को मिलेगा।

पूर्वोत्तर के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय:
पूर्वोत्तर भारत में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। असम और मेघालय में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इन राज्यों में कई स्थानों पर 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक वर्षा दर्ज हो सकती है।

क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग का मानना है कि मानसून अब धीरे-धीरे देश के अधिकांश हिस्सों में सक्रिय होने की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में उत्तर भारत को गर्मी से राहत मिलने के साथ-साथ कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की यह दोहरी तस्वीर फिलहाल मानसून की बदलती चाल और उसके व्यापक प्रभाव को स्पष्ट रूप से दर्शा रही है।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *