(नई दिल्ली)01जून,2026.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की जीत के साथ आईपीएल 2026 का समापन हो गया। इस सीजन खूब रन बरसे और कई बल्लेबाजों ने सुर्खियां बटोरी। सबसे ज्यादा अगर किसी चेहरे पर ध्यान केंद्रित रहा तो वह राजस्थान रॉयल्स के युवा सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी रहे। 15 साल की उम्र में वैभव ने अपने खेल से दुनियाभर के दिग्गज खिलाड़ियों को प्रभावित किया है और यह बहस भी छेड़ दी है कि क्या इस बल्लेबाज को राष्ट्रीय टीम में डेब्यू का मौका मिलना चाहिए? वैभव ने इस सीजन दमदार प्रदर्शन किया और वह टूर्नामेंट के इस सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं।
ऑरेंज कैप की दौड़ में सबसे आगे रहे वैभव:
वैभव की टीम राजस्थान रॉयल्स का सफर आईपीएल 2026 में क्वालिफायर-2 में हार के साथ ही खत्म हो गया था। ऑरेंज कैप की दौड़ में वैभव सबसे आगे रहे। फाइनल से पहले गुजरात के कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन दौड़ में बने गुए थे, लेकिन खिताबी मुकाबले में दोनों ही बल्लेबाज सस्ते में आउट हुए और वैभव को इस दौड़ में पीछे नहीं छोड़ सके। 15 साल के वैभव ने इस सीजन दमदार बल्लेबाजी की और उनके आंकड़े तक कोई बल्लेबाज नहीं पहुंच सका।
15 खिलाड़ी जीत चुके हैं ऑरेंज कैप:
आईपीएल में हर सीजन सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज को ऑरेंज कैप दी जाती है। यह सिर्फ एक पुरस्कार नहीं बल्कि पूरे सीजन में बल्लेबाज की निरंतरता और दबदबे का प्रतीक है। 2008 से शुरू हुए इस टूर्नामेंट में अब तक कई दिग्गज बल्लेबाजों ने इस कैप को अपने नाम किया है। खास बात यह है कि 19 सीजन में 15 अलग-अलग खिलाड़ी ऑरेंज कैप जीत चुके हैं, जो इस प्रतियोगिता की प्रतिस्पर्धा को दिखाता है। इस लिस्ट में वैभव का नाम भी जुड़ गया है।
इस खिलाड़ी ने जीती सबसे ज्यादा ऑरेंज कैप:
अगर सबसे ज्यादा बार ऑरेंज कैप जीतने की बात करें तो डेविड वॉर्नर सबसे आगे हैं।
उन्होंने तीन बार यह खिताब अपने नाम किया है (2015, 2017, 2019)।
वहीं क्रिस गेल ने दो बार और विराट कोहली ने भी दो बार ऑरेंज कैप जीती है।
कोहली का 2016 सीजन (973 रन) आज भी आईपीएल इतिहास का सबसे बेहतरीन बल्लेबाजी प्रदर्शन माना जाता है।
सभी से आगे रहे वैभव
मौजूदा सीजन में तीन बल्लेबाजों ने 700 से अधिक रन बनाए। वैभव के अलावा गिल और सुदर्शन भी 700 से ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शामिल रहे। मुख्य रूप से यही तीन बल्लेबाज ऑरेंज कैप की दौड़ में शामिल थे। वैभव ने इस सीजन 16 मैचों में 237.30 के स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए जिसमें एक शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। दूसरे नंबर पर गिल हैं जिन्होंने 16 मैचों में 163.02 के स्ट्राइक रेट से 732 रन बनाए हैं। गिल के बल्ले से इस सीजन एक शतक और छह अर्धशतक निकले हैं। वहीं, साई सुदर्शन ने 17 मैचों में 157.98 के स्ट्राइक रेट से 722 रन बनाए। वैभव के निकटतम प्रतिद्वंद्वी गिल थे और दोनों के बीच फासला 54 रन का था। गिल हालांकि, फाइनल में 10 रन ही बना सके और दौड़ में पिछले गए। इसके अलावा सुदर्शन भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे जिससे यह तय हो गया कि वैभव मौजूदा सीजन में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे।
हाल के सीजन में नए सितारों का दबदबा
पिछले कुछ सीजन में युवा खिलाड़ियों का जलवा देखने को मिला है। ऋतुराज गायकवाड़ (2021), शुभमन गिल (2023) और साई सुदर्शन (2025) जैसे बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर ऑरेंज कैप जीती। वहीं, इस सीजन वैभव सूर्यवंशी ने अपना दम दिखाया। 2024 में विराट कोहली ने 741 रन बनाकर एक बार फिर अपनी क्लास दिखाई।(साभार एजेंसी)
