(देहरादून)16मई,2026
महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में प्रवेश के लिए प्रतिभाशाली छात्राओं को एक और अवसर मिलेगा। खेल मंत्री रेखा आर्या ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पॉट ट्रायल के माध्यम से प्रवेश देने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय की कक्षाएं भी इसी सत्र से शुरू करने की तैयारी है।
खेल मंत्री ने बताया कि अब तक महिला स्पोर्ट्स कॉलेज लोहाघाट में प्रवेश के लिए 1000 से ज्यादा आवेदन आ चुके हैं। जानकारी के अभाव में कुछ मेधावी बालिकाएं आवेदन नहीं कर सकी हैं। ऐसी मेधावी बालिकाओं को स्पॉट ट्रायल के जरिए प्रवेश किया जाएगा। खेल मंत्री ने कहा कि कॉलेज के लिए 16 पद सृजित किए गए हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा।
पहला सत्र एक जुलाई से शुरू होगा। बैठक में हल्द्वानी स्थित खेल विश्वविद्यालय की तैयारियों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। वहीं, 38वें राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी देने की प्रक्रिया तेज करने को भी कहा गया। इस संबंध में इसी साल विज्ञप्ति जारी होनी है, इस प्रक्रिया को गति देने के निर्देश दिए गए हैं।
खेल नर्सरी और भविष्य की योजनाएं:
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश के स्पोर्ट्स हॉस्टलों को खेल नर्सरी के रूप में विकसित करने की योजना है। इसका एक पायलट प्रोजेक्ट इसी साल शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में आगामी राष्ट्रीय खेलों की तैयारी पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की तैयारी के लिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के चयन, उनके प्रशिक्षण शिविर, बेहतर आहार, रहने व आने-जाने की सुविधा सुनिश्चित की जाए, जिससे उत्तराखंड का प्रदर्शन और बेहतर हो सके। इन प्रयासों से उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन बेहतर होने की उम्मीद है। इसके लिए शासन से अतिरिक्त बजट की मांग की गई है।(साभार एजेंसी)
