बद्रीनाथ धाम में दिव्य आगमन

Uttarakhand News

(चमोली)22अप्रैल,2026.

शीतकालीन प्रवास के उपरांत आज भगवान बद्री विशाल के प्रतिनिधि स्वरूप उद्धव जी एवं देवताओं के खजांची कुबेर जी की पवित्र उत्सव डोलियाँ योगध्यान बद्री मंदिर, पांडुकेश्वर से सकुशल श्री बद्रीनाथ धाम पहुँच गईं। इस दिव्य आगमन के साथ ही धाम में कपाट खुलने की तैयारियों को और गति मिल गई है तथा पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो उठा।

प्रातःकाल योगध्यान बद्री मंदिर में पारंपरिक पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात इस पावन यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा में भगवान बद्री विशाल की उत्सव डोली, आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी, पवित्र गाडू घड़ा (तिल तेल कलश), रावल (मुख्य पुजारी) सहित उद्धव जी एवं कुबेर जी की डोलियाँ भव्यता के साथ बद्रीनाथ धाम के लिए रवाना हुईं।

पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। भारतीय सेना के बैंड की मधुर धुनों, “जय बद्री विशाल” के गगनभेदी जयकारों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच यह पवित्र काफिला आगे बढ़ता रहा। विष्णुप्रयाग, लामबगड़ और हनुमानचट्टी जैसे प्रमुख पड़ावों पर स्थानीय लोगों ने डोलियों का पारंपरिक स्वागत कर पूजा-अर्चना की।

यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा पूरे मार्ग पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, शीतकाल में बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद होने पर भगवान विष्णु के प्रतिनिधि उद्धव जी एवं कुबेर जी योगध्यान बद्री, पांडुकेश्वर में विराजमान रहते हैं। चारधाम यात्रा के पुनः आरंभ से पूर्व इन दिव्य स्वरूपों का बद्रीनाथ धाम लौटना एक महत्वपूर्ण परंपरा है।

उद्धव जी एवं कुबेर जी की इस पावन वापसी के साथ ही अब श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है, जिसका देश-विदेश के लाखों श्रद्धालु बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।(साभार एजेंसी)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *