(देहरादून)10अप्रैल,2026
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा विकसित ‘श्रमिक सेवा मोबाइल एप’ का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 8,005 श्रमिकों के खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से ₹17 करोड़ से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की।
मुख्यमंत्री ने बोर्ड के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक श्रमिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए ऑफलाइन अनुदान वितरण को समाप्त कर ऑनलाइन प्रक्रिया और DBT के माध्यम से सीधे लाभार्थियों के खातों में धनराशि भेजी जा रही है। इस नई व्यवस्था के तहत अब तक 11,828 लाभार्थियों को ₹29.89 करोड़ की राशि वितरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों और उनके आश्रितों के कौशल विकास पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर प्लम्बर, इलेक्ट्रिशियन, मिस्त्री और कारपेंटर जैसे कार्यों में प्रशिक्षण दिया जाए। साथ ही योग एवं वेलनेस के क्षेत्र में बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए श्रमिकों के बच्चों को आगामी सत्र से निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने यह भी कहा कि कौशल प्रशिक्षण के बाद श्रमिकों को विदेशों में रोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएं, जिसके लिए विदेश मंत्रालय में पंजीकृत एजेंसियों की मदद ली जाए। इसके अलावा श्रमिकों को पीएम स्वनिधि योजना से जोड़ने और उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था कार्यस्थलों पर ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्रमायुक्त पी.सी. दुम्का ने जानकारी दी कि UKLCCMS पोर्टल के माध्यम से अब तक 16,000 संस्थानों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिससे ₹80 लाख शुल्क के रूप में प्राप्त हुए हैं। वहीं बोर्ड के पास अब तक ₹324 करोड़ की सेस राशि जमा हो चुकी है, जिसका उपयोग श्रमिकों के कल्याण के लिए किया जा रहा है।
इस अवसर पर उपायुक्त विपिन कुमार सहित बोर्ड के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
