मुख्यमंत्री धामी ने घोषणाओं की समीक्षा की

Uttarakhand News

(देहरादून)7अप्रैल,2026.

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय सभागार में थराली, कर्णप्रयाग, केदारनाथ, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिकारियों को प्रभावी कार्य करना चाहिए। उन्होंने पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर देते हुए हेली एंबुलेंस सेवाओं की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने निर्माण कार्यों में विभागीय समन्वय बढ़ाने पर बल देते हुए कहा कि यदि किसी प्रस्ताव को एक विभाग से दूसरे विभाग में भेजना है, तो उसमें अनावश्यक विलंब न हो और जिम्मेदारी तय की जाए। विधायकगणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए संबंधित सचिवों को निर्देशित किया गया।

मुख्यमंत्री ने वन विभाग से जुड़े लंबित मामलों की अलग से समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य सचिव आनंद बर्धन को मानसून से पूर्व बाढ़ नियंत्रण एवं वर्षाकालीन चुनौतियों को लेकर व्यापक बैठक आयोजित करने को कहा।

चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कमर्शियल सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर होटल एसोसिएशन के साथ समन्वय बनाकर समस्याओं का समाधान करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल, भूपाल राम टम्टा, आशा नौटियाल, विनोद कंडारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं संबंधित जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।(साभार)

Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *